AMU को मिला नया छात्रसंघ अध्यक्ष, नोमान अशरफ ने बड़े अंतर से दर्ज की जीत

AMU Student Union Election Result: अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (AMU) में छात्रसंघ चुनाव के नतीजे घोषित हो गए हैं। अध्यक्ष पद पर नोमान अशरफ ने शानदार जीत दर्ज की है। उन्हें कुल 7797 वोट मिले और उन्होंने अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 4121 वोटों के बड़े अंतर से हराया। खास बात यह है कि विश्वविद्यालय में करीब आठ साल के लंबे अंतराल के बाद छात्रसंघ चुनाव कराए गए हैं। नतीजे घोषित होने के बाद कैंपस में छात्रों ने जमकर जश्न मनाया।

हमदान मानद सचिव और नशरा नईम बनीं उपाध्यक्ष

छात्रसंघ चुनाव में अन्य पदों के नतीजे भी सामने आ गए हैं। बीटेक के छात्र मोहम्मद हमदान ने मानद सचिव पद पर जीत हासिल की है। वहीं, लॉ की छात्रा नशरा नईम विश्वविद्यालय छात्रसंघ की उपाध्यक्ष चुनी गई हैं। चुनाव परिणाम आने के बाद समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिला।

गाजा और फिलिस्तीन के मुद्दे उठाकर चर्चा में आए नोमान

नोमान अशरफ चुनाव प्रचार के दौरान कई मुद्दों को लेकर चर्चा में रहे। उन्होंने अपने प्रचार अभियान में गाजा और फिलिस्तीन के साथ-साथ छात्रों से जुड़े कई अन्य मुद्दे भी उठाए थे। उनकी सोशल मीडिया प्रोफाइल के मुताबिक, वह बिहार के सहरसा के रहने वाले हैं और अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी में इतिहास के छात्र हैं।

जीत के बाद क्या बोले नोमान अशरफ?

जीत हासिल करने के बाद नोमान अशरफ ने सभी छात्रों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि लंबे संघर्ष के बाद चुनाव कराने और जीत हासिल करने का मौका मिला है, जो उनके लिए बड़ी खुशी की बात है।

नोमान ने कहा, “हमने चुनाव के दौरान जो मुद्दे उठाए थे और छात्रों से जो वादे किए थे, उन्हें पूरा करने की पूरी कोशिश करेंगे। इतने बड़े अंतर से जिताने के लिए मैं सभी छात्रों का शुक्रगुजार हूं।”

Related Articles

Back to top button