यूपी चुनाव से पहले कांग्रेस में उठा 60% ओबीसी टिकट का मुद्दा

उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अपनी चुनावी रणनीति पर काम तेज कर दिया है। समाजवादी पार्टी के साथ ‘इंडिया’ गठबंधन के तहत सीटों के तालमेल की चर्चाओं के बीच अब कांग्रेस में टिकट बंटवारे को लेकर ओबीसी वर्ग की हिस्सेदारी का मुद्दा उठने लगा है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस के ओबीसी विभाग ने मांग की है कि विधानसभा चुनाव में पार्टी की ओर से दिए जाने वाले टिकटों में करीब 60 प्रतिशत हिस्सेदारी पिछड़ा वर्ग के उम्मीदवारों की होनी चाहिए।

यूपी कांग्रेस ओबीसी विभाग के अध्यक्ष मनोज यादव का कहना है कि प्रदेश में ओबीसी आबादी करीब 60 प्रतिशत है। ऐसे में टिकट वितरण में भी इस वर्ग को उसी अनुपात में प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए। उन्होंने बताया कि दिल्ली में हुई बैठक के दौरान इस संबंध में प्रस्ताव केंद्रीय नेतृत्व को सौंपा गया है।

वहीं, उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना और प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम के मुताबिक, समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन लगभग तय माना जा रहा है। जल्द ही इसकी औपचारिक घोषणा हो सकती है। राजेंद्र पाल गौतम के अनुसार, कांग्रेस ने सपा को करीब 200 सीटों की सूची सौंपी है। सीटों के बंटवारे का अंतिम फॉर्मूला तय करने के लिए प्रियंका गांधी और राहुल गांधी के नेतृत्व में शीर्ष स्तर पर बातचीत जारी है।

गठबंधन में मिलने वाली सीटों पर भी ओबीसी को प्राथमिकता

कांग्रेस ने गठबंधन के तहत मिलने वाली सीटों पर भी पिछड़ा वर्ग को प्राथमिकता देने की रणनीति बनाई है। पार्टी की योजना है कि उसे गठबंधन में जितनी सीटें मिलें, उनमें से करीब 60 प्रतिशत पर ओबीसी उम्मीदवार उतारे जाएं।

कांग्रेस पिछड़ा वर्ग विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल जयहिंद के मुताबिक, पार्टी प्रदेश के सभी छह जोन में पिछड़ा वर्ग सम्मेलन आयोजित करेगी। इन सम्मेलनों में कांग्रेस के शीर्ष नेता शामिल होंगे। राहुल गांधी के भी पहले सम्मेलन में शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।

चुनाव से पहले संगठनात्मक तैयारियां तेज

विधानसभा चुनाव को देखते हुए कांग्रेस ने संगठनात्मक स्तर पर भी तैयारियां शुरू कर दी हैं। पार्टी प्रदेश में मेनिफेस्टो कमेटी, कोऑर्डिनेशन कमेटी और कैंपेन कमेटी समेत विभिन्न समितियों के गठन की कवायद में जुटी है। ऐसे में ओबीसी प्रतिनिधित्व की मांग और गठबंधन में सीटों का बंटवारा कांग्रेस की आगामी चुनावी रणनीति के अहम मुद्दे बनते दिख रहे हैं।

Related Articles

Back to top button