चलती ट्रेन बनी आग का गोला, कर्मभूमि एक्सप्रेस में मची चीख-पुकार

पंजाब के पटियाला में शुक्रवार को एक बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया। पटियाला-राजपुरा के पास सराय बंजारा के नजदीक कर्मभूमि एक्सप्रेस ट्रेन के चार डिब्बों में अचानक आग लग गई। चलती ट्रेन में आग लगने से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। आग और धुएं का गुबार देखकर यात्री घबरा गए और ट्रेन से नीचे उतरने लगे।

जानकारी के मुताबिक, कर्मभूमि एक्सप्रेस पंजाब से बिहार की ओर जा रही थी। इसी दौरान ट्रेन के चार डिब्बों में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने डिब्बों को अपनी चपेट में ले लिया और आसपास धुएं का घना गुबार फैल गया। घटना के बाद यात्रियों में दहशत का माहौल बन गया। हादसे के कई वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आए हैं।

समय रहते ट्रेन से उतरे यात्री

दिवाली के मौके पर ट्रेनों में यात्रियों की भारी भीड़ के बीच हुई इस घटना ने चिंता बढ़ा दी है। हालांकि, राहत की बात यह है कि शुरुआती जानकारी के मुताबिक किसी यात्री के हताहत होने की खबर नहीं है। बताया जा रहा है कि समय रहते सभी यात्री ट्रेन से नीचे उतर गए।

आग लगने की वजह का इंतजार

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। हादसे में कितना नुकसान हुआ है, इसकी विस्तृत जानकारी भी सामने आनी बाकी है। रेलवे और प्रशासन की ओर से घटना से जुड़ी अन्य जानकारियों का इंतजार किया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button