
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले बड़ा चुनावी वादा किया है। उन्होंने कहा है कि प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर राशन के साथ लोगों को सरसों का तेल भी दिया जाएगा। अखिलेश ने इसे अपनी प्रस्तावित ‘पीडीए सरकार’ की योजना बताया है।
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि कुछ महीनों बाद सपा की पीडीए सरकार बनने पर राशन में सरसों का तेल देने का काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इससे शोषित, वंचित और गरीब लोगों को राहत मिलेगी। पोस्ट में उन्होंने बीजेपी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उसके शासन में लोगों को उत्पीड़न और अपमान का सामना करना पड़ रहा है।
अयोध्या में महिलाओं से कथित दुर्व्यवहार पर भी उठाए सवाल
अखिलेश यादव ने अपनी पोस्ट में अयोध्या में आयोजित एक कार्यक्रम का जिक्र करते हुए बीजेपी पर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि वहां ‘नारी वंदन’ के नाम पर हिंसक नजारा पेश किया गया, जो निंदनीय है। उन्होंने महिला आयोग से मामले का संज्ञान लेने और संबंधित लोगों व आयोजकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।
महिला, युवा बनाम बीजेपी होगा अगला चुनाव: अखिलेश
सपा प्रमुख ने बीजेपी पर महिलाओं का सम्मान नहीं करने का आरोप लगाया। उन्होंने लखनऊ अग्निकांड में जान गंवाने वाले युवक की मां के कथित अपमान का मुद्दा भी उठाया। अखिलेश ने कहा कि मातृशक्ति का अपमान जनता नहीं भूलेगी और आगामी चुनाव में बीजेपी को इसका जवाब मिलेगा।
उन्होंने दावा किया कि जनता बीजेपी को सत्ता से बाहर करने के मूड में है। अखिलेश ने कहा कि अगला विधानसभा चुनाव ‘महिला-युवा बनाम बीजेपी’ होगा। उनका यह बयान ऐसे समय आया है, जब सभी प्रमुख राजनीतिक दल 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटे हैं।



