समुद्र के नए योद्धा तैयार! 3300 से ज्यादा अग्निवीरों की होगी पासिंग आउट परेड

भारतीय नौसेना के ट्रेनिंग सेंटर INS चिल्का में 13 नवंबर 2026 को अग्निवीरों की पासिंग आउट परेड (POP) आयोजित की जाएगी। इस बार परेड में नौसेना के अब तक के सबसे बड़े अग्निवीर बैच की ट्रेनिंग पूरी होगी। इस ऐतिहासिक समारोह में भारतीय नौसेना और भारतीय तटरक्षक बल के 3,300 से ज्यादा कैडेट्स हिस्सा लेंगे।

कार्यक्रम में नौसेना प्रमुख एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन मुख्य अतिथि और रिव्यूइंग ऑफिसर के तौर पर शामिल होंगे। यह भारतीय नौसेना के अग्निवीरों का नौवां बैच होगा, जो प्रशिक्षण पूरा कर सेवा के अगले पड़ाव की ओर बढ़ेगा।

16 सप्ताह की कठिन ट्रेनिंग के बाद पास आउट होंगे अग्निवीर

INS चिल्का में प्रशिक्षुओं ने 16 सप्ताह का शुरुआती प्रशिक्षण पूरा किया है। इस दौरान उन्हें शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनाने के साथ समुद्री चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार किया गया।

ट्रेनिंग में पढ़ाई, फिजिकल फिटनेस, तैराकी, परेड, आउटडोर गतिविधियां और कैंप शामिल रहे। इसके अलावा कैडेट्स में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीमवर्क और आपसी तालमेल विकसित करने पर भी जोर दिया गया। उन्हें नौसेना के मूल सिद्धांतों कर्तव्य, सम्मान और साहस से भी परिचित कराया गया।

मेधावी अग्निवीरों को किया जाएगा सम्मानित

पासिंग आउट परेड के बाद होने वाले समारोह की अध्यक्षता दक्षिणी नौसेना कमान के फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ वाइस एडमिरल समीर सक्सेना करेंगे। इस दौरान शानदार प्रदर्शन करने वाले कैडेट्स को सर्वश्रेष्ठ डिवीजन और बेस्ट इंस्ट्रक्टर के पुरस्कार दिए जाएंगे।

समारोह में प्रशिक्षुओं की द्विभाषी मैगजीन ‘अंकुर’ का विमोचन भी किया जाएगा। इस खास मौके पर अग्निवीरों के परिवार, नौसेना के पूर्व अधिकारी और कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहेंगे।

सोशल मीडिया पर होगा परेड का लाइव प्रसारण

इस ऐतिहासिक समारोह को देशभर के लोग भी देख सकेंगे। भारतीय नौसेना अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पासिंग आउट परेड का लाइव प्रसारण करेगी। इसके जरिए अग्निवीरों के परिवार और देशवासी उनके प्रशिक्षण पूरा करने के इस खास पल के साक्षी बन सकेंगे।

Related Articles

Back to top button