
उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले राम मंदिर और अयोध्या को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी के नेताओं के कारसेवकों पर गोली चलाए जाने को लेकर दिए गए बयानों ने इस बहस को और हवा दे दी है। बलिया से सपा सांसद सनातन पांडेय के बयान के बाद अब संभल से पार्टी के सांसद जियाउर्रहमान बर्क ने भी गोली चलाए जाने को सही ठहराया है। हालांकि, सपा के पूर्व सांसद डॉ. एसटी हसन ने इस घटना पर अफसोस जताया है।
बर्क बोले- कानून व्यवस्था तोड़ने पर पुलिस ने कार्रवाई की
सपा सांसद जियाउर्रहमान बर्क ने कारसेवकों पर गोली चलाए जाने के सवाल पर कहा कि जब कानून व्यवस्था तोड़ने का काम होता है तो सरकार और पुलिस अपनी जिम्मेदारी निभाती हैं। उनके मुताबिक, जब कारसेवकों ने बाबरी मस्जिद को तोड़ने की कोशिश की तो पुलिस ने मजबूरी में गोली चलाई।
बर्क ने कहा कि अगर किसी मंदिर पर मुस्लिम समुदाय के लोग अतिक्रमण करते तो पुलिस क्या करती? उन्होंने सवाल उठाया कि जब मस्जिद पर अतिक्रमण करने का प्रयास किया गया और धार्मिक स्थल पर हमला हुआ, तो उसे रोकने के लिए पुलिस ने कार्रवाई की। उन्होंने कहा कि उस समय प्रदेश में सपा की सरकार थी और कानून सभी के लिए बराबर है।
अखिलेश के अयोध्या जाने पर बर्क ने क्या कहा?
अखिलेश यादव के राम मंदिर जाने की संभावनाओं पर बर्क ने कहा कि यह सपा अध्यक्ष का निजी फैसला है और इस पर वह कोई टिप्पणी नहीं करना चाहते। जब उनसे पूछा गया कि क्या अखिलेश के अयोध्या जाने से मुस्लिम मतदाता नाराज हो सकते हैं, तो उन्होंने कहा कि समय आने पर इस बारे में बात करेंगे।
बीजेपी की ओर से सपा को राम मंदिर विरोधी बताए जाने पर बर्क ने कहा कि बीजेपी किस आधार पर ऐसे आरोप लगा रही है, यह वही बता सकती है। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति अपने धर्म से प्रेम करता है और दूसरे धर्मों का सम्मान भी करना चाहिए।
एसटी हसन बोले- गोली चलने का हम सबको अफसोस है
सपा के पूर्व सांसद डॉ. एसटी हसन ने कारसेवकों पर गोली चलाए जाने की घटना पर अलग राय रखी। उन्होंने कहा कि 1990 में कारसेवकों पर गोली किसके आदेश पर चली थी, यह जांच का विषय है, लेकिन इस घटना का सभी को अफसोस है।
हसन के मुताबिक, उस समय अधिकारियों ने सुप्रीम कोर्ट के आदेश का पालन करने और बाबरी मस्जिद की सुरक्षा के लिए गोली चलाई थी। उन्होंने दावा किया कि तत्कालीन मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव इस घटना से परेशान थे और उनके आदेश से गोली नहीं चली थी।
अखिलेश की राम में आस्था, मुस्लिम वोटर सपा के साथ रहेंगे: एसटी हसन
डॉ. एसटी हसन ने कहा कि अखिलेश यादव की भगवान राम में आस्था है। उन्होंने कहा कि भगवान राम किसी एक पार्टी के नहीं, बल्कि पूरे देश के हैं। हसन ने दावा किया कि अखिलेश यादव के राम मंदिर जाने से मुस्लिम मतदाता सपा से दूर नहीं होंगे और बीजेपी को हराने के लिए एकजुट रहेंगे।
उन्होंने कहा कि मुस्लिम मतदाताओं की प्राथमिकता बीजेपी को सत्ता से हटाना और सपा की सरकार बनाना है।
खरगे के दिवाली बयान पर भी बोले एसटी हसन
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की ओर से दिवाली की शुभकामनाओं में ‘खुशियों की ईद’ कहे जाने पर बीजेपी के विरोध को लेकर भी एसटी हसन ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि हर बात में सांप्रदायिकता नहीं तलाशनी चाहिए।
कारसेवकों पर गोली चलाए जाने को लेकर सपा के दो नेताओं के अलग-अलग बयान ऐसे समय आए हैं, जब 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले राम मंदिर और अखिलेश यादव के संभावित अयोध्या दौरे को लेकर प्रदेश की राजनीति में बहस तेज है।



