दिवाली की रात बड़ा हादसा, एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत

महाराष्ट्र के धाराशिव जिले के येदशी गांव में दिवाली की रात भीषण अग्निकांड ने एक परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं। यहां एक किराने की दुकान में लगी आग के बाद ऊपर की मंजिल पर रह रहे एक ही परिवार के 6 लोगों की दम घुटने से मौत हो गई। हादसे में एक व्यक्ति को रेस्क्यू ऑपरेशन के जरिए सुरक्षित बचा लिया गया। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, परिवार किराने की दुकान की ऊपरी मंजिल पर रहता था। आशंका है कि आग सबसे पहले दुकान में लगी और धीरे-धीरे ऊपर की मंजिल तक फैल गई। आग और धुएं के कारण परिवार के सदस्यों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका। इस दौरान दम घुटने से छह लोगों की जान चली गई।

मिट्टी के दीये से आग लगने की आशंका

स्थानीय लोगों ने घर से आग की लपटें उठती देख दमकल विभाग को सूचना दी। इसके बाद दमकल की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने के साथ बचाव अभियान शुरू किया। हालांकि, राहत एवं बचाव कार्य के बावजूद छह लोगों को नहीं बचाया जा सका।

प्रारंभिक रिपोर्ट में दिवाली के मौके पर जलाए गए मिट्टी के दीये से आग लगने की आशंका जताई गई है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। धाराशिव सरकारी अस्पताल के चिकित्सा अधिकारियों के मुताबिक, चार पीड़ितों को अस्पताल लाए जाने तक उनकी मौत हो चुकी थी।

महाराष्ट्र में दिवाली पर आग की कई घटनाएं

दिवाली के दौरान महाराष्ट्र के अलग-अलग इलाकों में आग लगने की कई घटनाएं सामने आईं। मुंबई के कांदिवली, गोरेगांव, डोंगरी, सांताक्रूज, अंधेरी और विद्याविहार में आग लगने की घटनाएं हुईं। वहीं, भिवंडी में पांच अलग-अलग जगहों पर आग लगी।

ठाणे की तीन रिहायशी इमारतों में आग लगने के बाद करीब 50 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। घटना की जानकारी मिलने पर उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे भी मौके पर पहुंचे। बीड में खेती के सामान के गोदाम में आग लगने से तीन दुकानें जलकर खाक हो गईं।

इसके अलावा विरार की HDL इमारत और नवी मुंबई के एक निर्माणाधीन शोरूम में भी आग लगने की घटनाएं सामने आईं। नागपुर में बाइक शोरूम में आग लगने से कई वाहन जल गए।

पिंपरी-चिंचवड़ में आग की 50 से ज्यादा घटनाएं

दिवाली के दौरान पिंपरी-चिंचवड़ में आग लगने की 50 से ज्यादा घटनाएं दर्ज की गईं। त्योहार के दौरान लगातार सामने आए इन हादसों ने अग्नि सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

Related Articles

Back to top button