
महाराष्ट्र की राजनीति में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के दोनों गुटों के संभावित विलय को लेकर चर्चाएं एक बार फिर तेज हो गई हैं। इसी बीच शिवसेना (UBT) प्रमुख उद्धव ठाकरे सोमवार को मुंबई के सिल्वर ओक बंगले पहुंचकर शरद पवार से मुलाकात करेंगे। इससे पहले सांसद संजय राउत समेत शिवसेना (UBT) के कई नेता शरद पवार से मिलकर उनकी सेहत का हालचाल पूछ चुके हैं।
वहीं, महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार के बड़े बेटे और राज्यसभा सांसद पार्थ पवार ने रविवार (8 नवंबर) को लगातार दूसरे दिन अपने दादा शरद पवार से मुलाकात की। इस मुलाकात के बाद NCP के दोनों गुटों के एक साथ आने की अटकलों को और हवा मिल गई है।
पार्थ पवार और शरद पवार के बीच दो दिन में चार घंटे बातचीत
जानकारी के मुताबिक, पार्थ पवार और शरद पवार के बीच रविवार को करीब दो घंटे तक बातचीत हुई। इससे पहले शनिवार को भी दोनों नेताओं की मुलाकात लगभग दो घंटे चली थी। रविवार शाम को शरद पवार ने अपनी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ भी अलग से बैठक की।
हालांकि, शरद पवार से मिलने पहुंच रहे नेताओं का कहना है कि वे उनके स्वास्थ्य का हालचाल जानने आए हैं। फिलहाल दोनों गुटों की ओर से विलय को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद बढ़ीं मुलाकातें
शरद पवार को ब्रोंकाइटिस, छाती में संक्रमण और खांसी की शिकायत के चलते मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। शनिवार को उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिली। उनकी हालत अब स्थिर बताई जा रही है।
इसी बीच मंगलवार को NCP (अजित पवार) के नेशनल वर्किंग प्रेसिडेंट और राज्यसभा सांसद प्रफुल्ल पटेल के भी सिल्वर ओक जाकर शरद पवार से मिलने की संभावना है। इससे पहले वह अस्पताल में भी उनसे मुलाकात कर चुके हैं।
विलय की खबरों को कांग्रेस ने बताया बीजेपी का प्रोपेगेंडा
NCP के दोनों गुटों के विलय की चर्चाओं पर कांग्रेस नेता हुसैन दलवाई ने सवाल उठाए हैं। उन्होंने इन अटकलों को बीजेपी का प्रोपेगेंडा बताया। दलवाई के मुताबिक, कांग्रेस और राहुल गांधी SIR के मुद्दे पर चुनाव आयोग के खिलाफ आक्रामक हैं। ऐसे में बीजेपी इंडिया गठबंधन में फूट डालने के लिए विलय से जुड़ी खबरें फैला रही है।
उन्होंने कहा कि शरद पवार की राजनीति हमेशा धर्मनिरपेक्ष विचारधारा वाले दलों के साथ रही है। इंडिया गठबंधन की बैठकों में शरद पवार या सुप्रिया सुले की मौजूदगी इसका उदाहरण है। दलवाई ने कहा कि अगर NCP का विलय होता भी है तो वह विपक्ष के साथ होगा, सत्तापक्ष के साथ नहीं। हालांकि, उन्होंने इसकी संभावना से भी इनकार किया।



