दिवाली पर पंजाब में पराली जलाने का रिकॉर्ड टूटा

पंजाब में दिवाली के दिन पराली जलाने की घटनाओं में अचानक बड़ा उछाल दर्ज किया गया। 8 नवंबर को राज्य में पराली जलाने के 1,152 मामले सामने आए, जो पिछले तीन वर्षों में एक दिन में दर्ज सबसे अधिक घटनाएं हैं। जिलेवार आंकड़ों में संगरूर सबसे आगे रहा, जहां एक ही दिन में 194 घटनाएं रिकॉर्ड की गईं। वहीं रूपनगर में सबसे कम एक मामला सामने आया।

पंजाब रिमोट सेंसिंग सेंटर (PRSC) के आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, रविवार को पूरे राज्य में सैटेलाइट के जरिए पराली जलाने की 1,152 सक्रिय घटनाओं का पता चला। यह आंकड़ा एक दिन पहले के मुकाबले कई गुना अधिक है। 7 नवंबर को राज्य में पराली जलाने के सिर्फ 163 मामले दर्ज किए गए थे। इसके साथ ही इस सीजन में अब तक कुल घटनाओं की संख्या बढ़कर 4,459 हो गई है।

तीन साल में 8 नवंबर को सबसे ज्यादा मामले

पिछले वर्षों के आंकड़ों से तुलना करें तो इस बार दिवाली के दिन पराली जलाने की घटनाओं में काफी बढ़ोतरी हुई है। आंकड़ों के मुताबिक, 8 नवंबर 2024 को पंजाब में 730 मामले दर्ज किए गए थे। वहीं 2025 में इसी तारीख को 238 घटनाएं सामने आई थीं। इस साल यह संख्या बढ़कर 1,152 पहुंच गई।

संगरूर में सबसे ज्यादा 194 घटनाएं

जिलेवार आंकड़ों में संगरूर में सबसे अधिक 194 मामले दर्ज किए गए। इसके बाद अन्य जिलों में भी पराली जलाने की घटनाएं सामने आईं। रूपनगर में सबसे कम केवल एक मामला रिकॉर्ड किया गया।

ये आंकड़े वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) के निर्देशों पर PRSC ने उपग्रह रिमोट सेंसिंग के जरिए निर्धारित मानक प्रोटोकॉल के तहत तैयार किए हैं।

पराली जलाने पर FIR, जुर्माना और रेड एंट्री

पराली जलाने की घटनाओं को रोकने के लिए पंजाब प्रशासन ने कार्रवाई भी तेज की है। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर अब तक 62 लाख रुपये से अधिक का जुर्माना लगाया जा चुका है, जिसमें से करीब 33 लाख रुपये की वसूली हुई है।

इसके अलावा पुलिस ने करीब 900 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की हैं। वहीं राजस्व रिकॉर्ड में 1,017 मामलों में ‘रेड एंट्री’ की गई है। इसके बावजूद दिवाली के दिन पराली जलाने की घटनाओं में आई तेजी ने राज्य में प्रदूषण नियंत्रण को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

Related Articles

Back to top button