दिवाली को ईद बताने पर घिरे खरगे, BJP ने सोनिया-राहुल को भी घेरा

दिवाली को ‘खुशियों की ईद’ बताने वाले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के बयान पर सियासी विवाद शुरू हो गया है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने सोमवार को खरगे पर निशाना साधते हुए उन्हें ‘रिमोट कंट्रोल से चलने वाला अध्यक्ष’ बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस का नेतृत्व हिंदू और सनातन विरोधी मानसिकता को बढ़ावा दे रहा है।

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान गौरव भाटिया ने कहा कि खरगे की टिप्पणी कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी और राहुल गांधी की सोच को दर्शाती है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस तुष्टीकरण की राजनीति करती है और त्योहारों के मौके पर भी हिंदू समुदाय की भावनाओं को आहत करने से पीछे नहीं हटती।

खरगे के शब्दों पर क्यों उठाए सवाल?

भाटिया ने दिवाली की शुभकामनाएं देते समय खरगे की ओर से इस्तेमाल किए गए शब्दों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जब पूरी दुनिया दिवाली मना रही थी और लोग एक-दूसरे को शुभकामनाएं दे रहे थे, तब कांग्रेस अध्यक्ष ने दिवाली को ‘खुशियों की ईद’ बताया।

BJP प्रवक्ता ने कहा कि खरगे को दिवाली शब्द बोलने में भी हिचकिचाहट हो रही थी। उन्होंने सवाल किया कि कांग्रेस अध्यक्ष को दिवाली का नाम लेने में परेशानी क्यों होती है?

सोनिया-राहुल पर भी साधा निशाना

गौरव भाटिया ने आरोप लगाया कि मल्लिकार्जुन खरगे कांग्रेस में स्वतंत्र रूप से फैसले नहीं लेते, बल्कि सोनिया गांधी और राहुल गांधी के निर्देशों पर काम करते हैं। उन्होंने कहा कि खरगे अपने बयानों के जरिए कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व की विचारधारा को आगे बढ़ाते हैं।

उन्होंने हिंदू धर्म और भारतीय संस्कृति का जिक्र करते हुए कहा कि भगवान राम के प्रति लोगों की आस्था और दिवाली के सांस्कृतिक महत्व को समझना जरूरी है। भाटिया ने कांग्रेस पर मुस्लिम तुष्टीकरण की राजनीति करने का आरोप भी लगाया।

इस बयान के बाद दिवाली की शुभकामनाओं में इस्तेमाल किए गए शब्दों को लेकर BJP और कांग्रेस के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है।

Related Articles

Back to top button