बूथ के बाद अब गांवों की बारी, 2027 के लिए बीजेपी का बड़ा प्लान

उत्तर प्रदेश में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने के बाद अब पार्टी की नजर गांव-गांव तक अपनी पहुंच बढ़ाने पर है। इसके लिए बीजेपी जल्द ही ‘पंचायत महाअभियान’ शुरू करने जा रही है। इस अभियान के जरिए नगर निकायों से लेकर ग्राम पंचायतों तक के मौजूदा और पूर्व जनप्रतिनिधियों को संगठन से जोड़कर चुनावी जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी।

पार्टी की रणनीति है कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों के नेटवर्क का इस्तेमाल कर ग्रामीण मतदाताओं तक सीधी पहुंच बनाई जाए। इसके लिए जिला और मंडल स्तर पर व्यापक तैयारी की जा रही है।

दिल्ली में तैयार हुआ पंचायत महाअभियान का खाका

पार्टी सूत्रों के मुताबिक, हाल ही में दिल्ली में बीजेपी के शीर्ष नेतृत्व के सामने इस अभियान का ब्लूप्रिंट तैयार किया गया है। इसमें प्रदेश बीजेपी के पदाधिकारी भी शामिल रहे। अभियान को जमीन पर उतारने के लिए जिला और मंडल स्तर पर जनप्रतिनिधियों की सूची तैयार की जाएगी।

इस सूची में महापौर, नगर पालिका और नगर पंचायत के प्रतिनिधियों के अलावा जिला पंचायत और ग्राम पंचायत स्तर के चुनिंदा जनप्रतिनिधियों को शामिल किया जाएगा। पार्टी इन सभी के जरिए अपने संगठनात्मक नेटवर्क को और मजबूत करने की तैयारी में है।

पूर्व जनप्रतिनिधियों को भी मिलेगी चुनावी जिम्मेदारी

बीजेपी के इस महाअभियान में सिर्फ मौजूदा जनप्रतिनिधि ही नहीं, बल्कि पूर्व जनप्रतिनिधियों को भी अहम भूमिका दी जाएगी। पंचायतों और निकायों में पहले जिम्मेदारी संभाल चुके लोगों की सूची तैयार कर उनसे संपर्क किया जाएगा। इसके बाद उन्हें संगठन और चुनाव से जुड़े काम सौंपे जाएंगे।

पार्टी ग्राम स्तर पर छोटी-छोटी सभाएं और परिचर्चाएं आयोजित करेगी। इन कार्यक्रमों के जरिए लोगों को केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं और उनसे मिलने वाले लाभों की जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही सहभोज जैसे कार्यक्रम भी आयोजित होंगे, जिनमें बीजेपी के वरिष्ठ पदाधिकारी और बड़े नेता शामिल होकर स्थानीय लोगों से संवाद करेंगे।

घर-घर संपर्क कर जनता का फीडबैक जुटाएगी बीजेपी

पंचायत महाअभियान का एक अहम हिस्सा घर-घर संपर्क अभियान भी होगा। इसके तहत जनप्रतिनिधियों और पार्टी कार्यकर्ताओं को अपने-अपने क्षेत्रों में मतदाताओं से सीधे बातचीत करने की जिम्मेदारी दी जाएगी।

इस दौरान लोगों की समस्याओं, स्थानीय मुद्दों और सरकार के कामकाज को लेकर उनकी प्रतिक्रिया जानने की कोशिश होगी। पार्टी इस फीडबैक के आधार पर अपनी चुनावी रणनीति तैयार करेगी। बीजेपी का मकसद 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले गांवों तक संगठन की पकड़ मजबूत करना और बूथ स्तर पर अपनी सक्रियता बढ़ाना है।

Related Articles

Back to top button