
बिहार के मिथिलांचल में ब्राह्मण समुदाय को संबोधित करते हुए जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने बीजेपी के साथ ब्राह्मणों की राजनीतिक नजदीकी पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि भाजपा की हिंदुत्व की राजनीति के कारण ब्राह्मण समुदाय को राजनीतिक नुकसान उठाना पड़ा है। किशोर ने दावा किया कि पहले ब्राह्मण नेताओं को मुस्लिम समुदाय का समर्थन मिलता था, लेकिन बीजेपी के साथ जाने के बाद यह समर्थन कमजोर हुआ है।
प्रशांत किशोर ने कहा कि बिहार की आबादी में मुसलमानों की हिस्सेदारी करीब 18 फीसदी है। पहले ब्राह्मण नेताओं को इस समुदाय का समर्थन मिलता था, लेकिन बीजेपी की राजनीति के साथ जुड़ने और मुस्लिम समुदाय को अलग-थलग करने की वजह से उनका यह वोट बैंक दूर हो गया।
‘जिस वोट से राजा बनते थे, वही आपसे दूर हो गया’
ब्राह्मण समुदाय को संबोधित करते हुए प्रशांत किशोर ने कहा कि उनके पूर्वजों को मुस्लिम समुदाय का समर्थन मिलता था, लेकिन अब ब्राह्मण बीजेपी का झंडा लेकर घूम रहे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जिस समुदाय के वोटों से नेता सत्ता तक पहुंचते थे, वही अब उनसे दूर चला गया है।
उन्होंने सवाल किया कि मुसलमानों से ब्राह्मणों की क्या दुश्मनी है? इसके बावजूद सोशल मीडिया पर बीजेपी समर्थक बनकर मुस्लिम समुदाय के खिलाफ टिप्पणी की जा रही है। किशोर ने कहा कि ब्राह्मण समुदाय को अपनी राजनीतिक सोच पर दोबारा विचार करना चाहिए।
परशुराम का जिक्र कर बोले- आपकी असली ताकत बुद्धि और ज्ञान
प्रशांत किशोर ने भगवान परशुराम का जिक्र करते हुए ब्राह्मण समुदाय को उनकी विद्वता और ज्ञान की परंपरा याद दिलाई। उन्होंने कहा कि ब्राह्मणों की असली ताकत हथियार उठाने में नहीं, बल्कि कलम पकड़ने, किताबें पढ़ने और ज्ञान की परंपरा को आगे बढ़ाने में है।
उन्होंने कहा कि ब्राह्मण समुदाय की पहचान बुद्धि और विद्वता से रही है। ऐसे में उसे अपनी इस ताकत को बनाए रखना चाहिए और किसी भी तरह के टकराव के बजाय बुद्धि से काम लेना चाहिए।
2025 के चुनाव में जन सुराज का नहीं खुला था खाता
गौरतलब है कि प्रशांत किशोर ने अपनी पार्टी जन सुराज के साथ 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव में पहली बार किस्मत आजमाई थी। पार्टी ने राज्य की 243 विधानसभा सीटों में से 238 पर उम्मीदवार उतारे थे, लेकिन एक भी सीट जीतने में कामयाब नहीं हुई। पार्टी के ज्यादातर उम्मीदवारों की जमानत भी जब्त हो गई थी।
चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, 236 सीटों पर जन सुराज के उम्मीदवारों को कुल पड़े वोटों के छठे हिस्से से भी कम वोट मिले थे।



