
उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। प्रदेश की 403 विधानसभा सीटों पर चुनावी तैयारी के बीच एनडीए और इंडिया गठबंधन के बीच मुकाबले की तस्वीर बनने लगी है। वहीं, विपक्षी गठबंधन में सीटों के बंटवारे को लेकर अभी से खींचतान शुरू हो गई है। समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के बीच गठबंधन जारी रहने के संकेत तो मिल रहे हैं, लेकिन कितनी सीटों पर कौन चुनाव लड़ेगा, इस पर सहमति बनना बाकी है।
दरअसल, 2024 के लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में मिली सफलता के बाद कांग्रेस का आत्मविश्वास बढ़ा है। यही वजह है कि पार्टी विधानसभा चुनाव में 100 से अधिक सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी में है। कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक, पार्टी कम से कम 100 सीटें हासिल करने के लक्ष्य के साथ बातचीत शुरू कर सकती है। वहीं, यूपी कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने कहा है कि सम्मानजनक समझौते के तहत पार्टी 150 से कम सीटों पर चुनाव नहीं लड़ेगी।
दूसरी तरफ, सपा प्रमुख अखिलेश यादव सीटों के बंटवारे को लेकर काफी सतर्क हैं। गठबंधन के सामने सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या सपा कांग्रेस की बड़ी मांग को स्वीकार करेगी या फिर जीतने की क्षमता के आधार पर सीटों का बंटवारा होगा। सपा का जोर ऐसे उम्मीदवारों पर रहने की संभावना है, जो अपने क्षेत्र में मजबूत स्थिति रखते हों।
2017 और 2022 के चुनाव में कांग्रेस का प्रदर्शन
उत्तर प्रदेश की राजनीति में बीजेपी सबसे मजबूत ताकत बनी हुई है, जबकि समाजवादी पार्टी मुख्य विपक्षी दल के रूप में उभरी है। 2017 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने 39.7 प्रतिशत वोट शेयर के साथ 312 सीटों पर जीत दर्ज की थी। वहीं, सपा को 47, बसपा को 19 और कांग्रेस को महज 7 सीटें मिली थीं। उस चुनाव में कांग्रेस का वोट शेयर 6.25 प्रतिशत रहा था।
2022 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने 41.29 प्रतिशत वोट शेयर के साथ 255 सीटें जीतकर सत्ता बरकरार रखी। दूसरी ओर, सपा ने शानदार वापसी करते हुए 111 सीटें हासिल कीं और उसका वोट शेयर बढ़कर 32.06 प्रतिशत हो गया। कांग्रेस का प्रदर्शन फिर निराशाजनक रहा। पार्टी 2.33 प्रतिशत वोट शेयर के साथ केवल दो सीटें जीत सकी, जबकि बसपा को 12.88 प्रतिशत वोट मिलने के बावजूद सिर्फ एक सीट मिली।
लोकसभा चुनाव 2024 ने बढ़ाई कांग्रेस की ताकत
2024 के लोकसभा चुनाव में सपा और कांग्रेस ने इंडिया गठबंधन के तहत मिलकर चुनाव लड़ा था। इस चुनाव में दोनों दलों का प्रदर्शन शानदार रहा। सपा ने उत्तर प्रदेश की 37 लोकसभा सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि कांग्रेस को 6 सीटें मिलीं। दूसरी ओर, बीजेपी की सीटें घटकर 33 रह गईं।
इस नतीजे ने कांग्रेस को विधानसभा चुनाव के लिए सपा के सामने अपनी दावेदारी मजबूत करने का मौका दिया है। पार्टी का मानना है कि लोकसभा चुनाव में मिले समर्थन को विधानसभा चुनाव में भी भुनाया जा सकता है।
इन इलाकों में कांग्रेस को उम्मीद
उत्तर प्रदेश में कांग्रेस का संगठन पिछले कुछ दशकों में कमजोर हुआ है, लेकिन कुछ क्षेत्रों में पार्टी का पारंपरिक जनाधार अब भी मौजूद है। बुंदेलखंड और पूर्वांचल के कुछ हिस्सों के अलावा पश्चिमी यूपी के शामली, सहारनपुर और मुरादाबाद जैसे इलाकों में कांग्रेस को उम्मीद नजर आती है। इन क्षेत्रों में अल्पसंख्यक मतदाताओं के साथ पार्टी के पुराने समर्थकों का प्रभाव भी सीटों के समीकरण को प्रभावित कर सकता है।
कांग्रेस ने प्रदेश संगठन में भी बदलाव किए हैं। आराधना मिश्रा ‘मोना’ को प्रदेश अध्यक्ष और इमरान मसूद को कार्यकारी अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। हालांकि, 100 से अधिक सीटों पर चुनाव लड़ने की स्थिति में कांग्रेस के सामने अपने संगठन की जमीनी ताकत साबित करने की चुनौती भी होगी।
सीटों का गलत बंटवारा बिगाड़ सकता है पूरा खेल
इंडिया गठबंधन के लिए उत्तर प्रदेश में सबसे बड़ी चुनौती सीटों का सही बंटवारा करना होगा। विधानसभा में बहुमत के लिए 202 सीटों की जरूरत है। ऐसे में अगर किसी ऐसी सीट पर कांग्रेस कमजोर उम्मीदवार उतारती है, जहां सपा की जीतने की संभावना अधिक है, तो गठबंधन को नुकसान हो सकता है। वहीं, सीटों पर सहमति नहीं बनने की स्थिति में विपक्षी वोटों का बंटवारा भी बीजेपी को फायदा पहुंचा सकता है।
बिहार चुनाव का उदाहरण भी विपक्षी गठबंधन के लिए चिंता बढ़ाने वाला है। वहां सीटों के बंटवारे को लेकर आखिरी समय तक बातचीत चलती रही और कई सीटों पर गठबंधन के उम्मीदवार आमने-सामने आ गए। इससे विपक्षी एकजुटता पर सवाल खड़े हुए और चुनाव में एनडीए को बढ़त मिली।
नवंबर के तीसरे सप्ताह से शुरू होगी सीट बंटवारे पर चर्चा
सपा और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर नवंबर के तीसरे सप्ताह में बातचीत शुरू होने की संभावना है। इसके लिए दिल्ली में बैठक होने की चर्चा है। दोनों दल जल्द से जल्द सीटों की संख्या और चुनावी रणनीति को अंतिम रूप देना चाहते हैं।
इससे पहले 4 नवंबर को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने कहा था कि प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ बैठक के बाद सपा-कांग्रेस गठबंधन को लेकर बातचीत सकारात्मक रही है। उन्होंने नवंबर के अंत तक गठबंधन के औपचारिक ऐलान की संभावना भी जताई थी। वहीं, अखिलेश यादव भी कह चुके हैं कि सपा और कांग्रेस का पुराना गठबंधन आगे जारी रहेगा।
ऐसे में अब सबकी नजरें सीट बंटवारे पर होने वाली बातचीत पर टिकी हैं। सवाल सिर्फ यह नहीं है कि कांग्रेस को कितनी सीटें मिलेंगी, बल्कि यह भी है कि क्या सपा और कांग्रेस मिलकर ऐसा चुनावी फॉर्मूला तैयार कर पाएंगे, जो 2027 में बीजेपी को कड़ी चुनौती दे सके।



