
उत्तर प्रदेश में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर सोमवार सुबह हुए दर्दनाक बस हादसे के बाद प्रदेश सरकार ने सड़क सुरक्षा को लेकर सख्ती शुरू कर दी है। उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने हादसे को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को प्रदेश के सभी एक्सप्रेसवे पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने वाहनों की निर्धारित गति सीमा का सख्ती से पालन कराने के साथ ही चालकों की काउंसलिंग और स्वास्थ्य परीक्षण अनिवार्य रूप से कराने को कहा है।
उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने इस संबंध में अपर मुख्य सचिव, गृह विभाग, परिवहन आयुक्त, उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) के मुख्य कार्यपालक अधिकारी और उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक को पत्र जारी किया है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।
नशे में वाहन चलाने पर होगी सख्ती
ब्रजेश पाठक ने निर्देश दिया है कि प्रदेश के सभी एक्सप्रेसवे पर वाहनों की निर्धारित गति सीमा का अनिवार्य रूप से पालन कराया जाए। इसके अलावा वाहन चालकों की समय-समय पर काउंसलिंग की जाए, ताकि उन्हें तेज रफ्तार और यातायात नियमों की अनदेखी से होने वाले खतरों के प्रति जागरूक किया जा सके।
उन्होंने एक्सप्रेसवे पर प्रवेश से पहले वाहन चालकों का स्वास्थ्य परीक्षण कराने की व्यवस्था करने को भी कहा है। इसके तहत यह जांच की जाएगी कि चालक ने किसी मादक पदार्थ का सेवन तो नहीं किया है। उप मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि नशे की हालत में वाहन चलाने की किसी भी स्थिति को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
विभागों को आपसी तालमेल के निर्देश
उप मुख्यमंत्री ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ जरूरी नीतियां तैयार करने और उनका प्रभावी ढंग से पालन कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि एक्सप्रेसवे पर यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी विभागों को गंभीरता से काम करना होगा।
यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
ब्रजेश पाठक ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को जिम्मेदारी के साथ ठोस कदम उठाने को कहा, ताकि भविष्य में इस तरह के दर्दनाक सड़क हादसों की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।



