छठ पर घाटों में जाने से पहले जान लें ये नियम, प्रशासन ने लगाई कई पाबंदियां

बिहार में छठ महापर्व को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और घाटों पर किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोकने के लिए आपदा प्रबंधन विभाग ने सभी जिलों को विशेष दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इस साल छठ महापर्व 13 नवंबर से 16 नवंबर 2026 तक मनाया जाएगा।

प्रशासन ने पूजा घाटों और जलाशयों के आसपास पटाखों की बिक्री और उन्हें फोड़ने पर प्रतिबंध लगाने का निर्देश दिया है। इसके साथ ही नहाय-खाय से लेकर सुबह के अर्घ्य तक निजी नावों के परिचालन पर रोक रहेगी। अधिकारियों को इन निर्देशों का सख्ती से पालन कराने को कहा गया है।

खतरनाक घाटों पर होगी बैरिकेडिंग

छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित रखने के लिए सभी जिलों में खतरनाक नदी घाटों और तालाबों की पहचान की जाएगी। ऐसे स्थानों को चिह्नित कर उनके बारे में लोगों को पहले से जानकारी दी जाएगी। गहरे पानी वाले घाटों पर मजबूत बैरिकेडिंग लगाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि श्रद्धालु अनजाने में जोखिम वाले क्षेत्रों में न पहुंचें।

घाटों पर तैनात रहेंगी मेडिकल और सुरक्षा टीमें

प्रशासन ने सभी प्रमुख घाटों पर पर्याप्त संख्या में पुलिसकर्मियों और स्वयंसेवकों की तैनाती करने को कहा है। इसके अलावा घाटों पर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। डॉक्टरों और पैरामेडिकल कर्मचारियों की टीमें तैनात रहेंगी। जरूरत पड़ने पर तत्काल सहायता पहुंचाने के लिए एंबुलेंस की व्यवस्था भी की जाएगी।

गोताखोरों और मोटरबोट की रहेगी व्यवस्था

नदी घाटों पर किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए प्रशिक्षित गोताखोरों, तैराकों और मोटरबोट चालकों की तैनाती की जाएगी। उन्हें लाइफ जैकेट, इन्फ्लैटेबल मोटरबोट और उपलब्धता के अनुसार देसी नावों के साथ तैयार रहने का निर्देश दिया गया है।

इसके अलावा घाटों और वहां तक पहुंचने वाले रास्तों पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है, ताकि रात और सुबह के समय श्रद्धालुओं को परेशानी न हो।

24 घंटे काम करेंगे जिला कंट्रोल रूम

छठ महापर्व के दौरान सभी जिलों के कंट्रोल रूम 24 घंटे सक्रिय रहेंगे। घाटों पर लाउडस्पीकर के जरिए लगातार जरूरी सूचनाएं और सुरक्षा संबंधी निर्देश प्रसारित किए जाएंगे।

वहीं, बिजली से होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए घाटों के आसपास लगे बिजली के उपकरणों और तारों की पहले से जांच करने का आदेश दिया गया है। प्रशासन का उद्देश्य छठ महापर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराना है, ताकि श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के सूर्यदेव को अर्घ्य दे सकें।

Related Articles

Back to top button