सोनिया की किताब से मचा सियासी बवाल, BJP नेताओं ने दागे तीखे सवाल

कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी की आत्मकथा *Belonging: A Journey of Love* के लॉन्च होते ही सियासी घमासान शुरू हो गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) को लेकर सोनिया गांधी की टिप्पणियों पर बीजेपी नेताओं ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। मुंबई से लेकर दिल्ली, लखनऊ और बिहार तक बीजेपी नेताओं ने सोनिया गांधी के बयानों और उनके राजनीतिक नजरिये पर सवाल उठाए हैं। किसी ने किताब के शीर्षक ‘बेलॉन्गिंग’ पर सवाल किया तो किसी ने कांग्रेस को आपातकाल की याद दिलाई।

 शाइना NC ने पूछा- ‘बेलॉन्गिंग किसके लिए है?’

मुंबई में शिवसेना नेता शाइना NC ने सोनिया गांधी की किताब पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं, लेकिन साथ ही कई सवाल भी उठाए। उन्होंने कहा कि किसी की पहचान कहानी सुनाने से नहीं, बल्कि उसके काम से बनती है। किताब के शीर्षक ‘Belonging’ पर सवाल उठाते हुए उन्होंने पूछा कि आखिर यह अपनापन किसके लिए है और क्या यह वोटों के लिए है?

शाइना NC ने 1984, 1991 और 2004 की राजनीतिक घटनाओं का जिक्र करते हुए सोनिया गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने प्रधानमंत्री पद स्वीकार नहीं करने के सोनिया गांधी के फैसले और उसके बाद उनकी छवि को त्याग और तपस्या के रूप में पेश किए जाने पर भी सवाल उठाए। राम मंदिर, अनुच्छेद 370 और हिंदुत्व का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि किसी नेता की पहचान उसके काम से बनती है।

ब्रजेश पाठक बोले- कांग्रेस पहले आपातकाल के लिए माफी मांगे

लखनऊ में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने भी सोनिया गांधी की किताब को लेकर कांग्रेस पर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी तरह-तरह के नाटक कर रही है। पाठक ने कहा कि कांग्रेस को सबसे पहले आपातकाल के लिए देश की जनता से हाथ जोड़कर माफी मांगनी चाहिए।

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सत्ता हासिल करने के लिए कुछ भी कर सकती है। ब्रजेश पाठक ने कहा कि संविधान को निलंबित करने और जनता के अधिकारों को प्रभावित करने वाली पार्टी को देश की जनता स्वीकार नहीं करेगी।

 प्रवीण खंडेलवाल ने किताब की टिप्पणियों को बताया राजनीतिक

बीजेपी नेता प्रवीण खंडेलवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर सोनिया गांधी की टिप्पणियों को राजनीतिक मकसद से प्रेरित बताया। उन्होंने कहा कि उन्हें नहीं लगता कि किताब का कोई खास राजनीतिक महत्व होगा। उनके मुताबिक, इसमें गांधी परिवार की तारीफ और प्रधानमंत्री मोदी को लेकर राजनीतिक टिप्पणियां शामिल हैं।

खंडेलवाल ने प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल और उनकी कार्यशैली का बचाव करते हुए कहा कि वह पिछले 25 वर्षों से निर्वाचित सरकार के प्रमुख के रूप में काम कर रहे हैं। उन्होंने सोनिया गांधी की टिप्पणियों को तथ्यात्मक आधार से रहित बताया।

संजय जायसवाल बोले- इतिहास को अपने नजरिये से पेश किया

बिहार के बेतिया में बीजेपी सांसद संजय जायसवाल ने भी सोनिया गांधी की किताब पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यह पुस्तक केवल जीवन का संस्मरण नहीं है, बल्कि इसमें इतिहास को उस नजरिये से पेश किया गया है, जिस तरह सोनिया गांधी चाहती हैं कि लोग उसे देखें।

जायसवाल ने कहा कि किताब में प्रधानमंत्री मोदी को लेकर सोनिया गांधी की टिप्पणी भी उनके अपने राजनीतिक एजेंडे को दर्शाती है। उन्होंने पुस्तक में दी गई बातों की सत्यता पर भी सवाल उठाए।

 शाहनवाज हुसैन ने 1984 के सिख नरसंहार का उठाया मुद्दा

बीजेपी नेता सैयद शाहनवाज हुसैन ने सोनिया गांधी की किताब को संतुलित नहीं बताया। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी ने करीब पांच दशक तक भारत की राजनीति को देखा है, इसलिए पुस्तक में देश के इतिहास की कई महत्वपूर्ण घटनाओं का विस्तार से उल्लेख होना चाहिए था।

शाहनवाज हुसैन ने आरोप लगाया कि किताब में भ्रष्टाचार, 1984 के सिख विरोधी नरसंहार और मेरठ, मलियाना तथा भागलपुर के दंगों जैसे मुद्दों का पर्याप्त जिक्र नहीं किया गया है। उनके मुताबिक, सोनिया गांधी ने केवल उन्हीं घटनाओं को जगह दी है, जो उनके नजरिये के अनुकूल हैं।

 राम कदम ने विदेशी प्रकाशक और नागरिकता पर उठाए सवाल

मुंबई में बीजेपी विधायक राम कदम ने सोनिया गांधी की किताब के विदेशी प्रकाशक को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि किताब के प्रकाशन के लिए किसी भारतीय प्रकाशक के बजाय विदेशी कंपनी को क्यों चुना गया।

राम कदम ने सोनिया गांधी की शादी और भारतीय नागरिकता से जुड़े मुद्दों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी ने 1968 में राजीव गांधी से शादी की थी, लेकिन इसके बाद लंबे समय तक भारतीय नागरिकता नहीं ली।

सीआर केसवन बोले- किताब का नाम ‘व्हाइटवॉशिंग’ होना चाहिए था

बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सीआर केसवन ने सोनिया गांधी की आत्मकथा के शीर्षक पर तंज कसते हुए कहा कि इसका नाम ‘Belonging’ के बजाय ‘Whitewashing’ होना चाहिए था। उन्होंने आरोप लगाया कि किताब के जरिए नेहरू-गांधी परिवार की ऐतिहासिक गलतियों और कांग्रेस के शासनकाल से जुड़े विवादों पर पर्दा डालने की कोशिश की गई है।

केसवन ने बाबरी मस्जिद को लेकर सोनिया गांधी के कथित भावनात्मक जुड़ाव का जिक्र करते हुए 1984 के सिख विरोधी नरसंहार पर सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि जब उस दौरान गुरुद्वारों को निशाना बनाया गया और निर्दोष लोगों की हत्या हुई, तब सोनिया गांधी की प्रतिक्रिया क्या थी?

Related Articles

Back to top button