छठ से पहले दिल्ली सरकार का बड़ा ऐलान

दिल्ली सरकार ने छठ महापर्व के अवसर पर 16 नवंबर 2026 (सोमवार) को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है। इस दिन दिल्ली के सभी सरकारी कार्यालयों, स्कूलों, स्वायत्त निकायों और सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों (PSU) में छुट्टी रहेगी। सरकार के इस फैसले से राजधानी में रहने वाले लाखों श्रद्धालुओं को पूजा की तैयारियों और पर्व मनाने में सुविधा मिलेगी।

छठ पूजा की तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को जनसेवा सदन में छठ पूजा समितियों और संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि तैयारियों में किसी भी तरह की लापरवाही न हो और सभी व्यवस्थाएं तय समय से पहले पूरी कर ली जाएं।

छठ सामाजिक और सांस्कृतिक एकता का प्रतीक: CM

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि छठ महापर्व लाखों लोगों की आस्था, विश्वास और परंपरा से जुड़ा है। यह केवल पूजा का आयोजन नहीं, बल्कि दिल्ली की सामाजिक और सांस्कृतिक एकता का भी प्रतीक है। सरकार की प्राथमिकता है कि व्रतियों और श्रद्धालुओं को पूजा के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।

उन्होंने घाटों और आसपास के इलाकों में साफ-सफाई, ठंड से बचाव के लिए पर्याप्त कवर वाले टेंट, महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम और शौचालय की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। घाटों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी सुनिश्चित करने को भी कहा गया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को पूजा से दो दिन पहले सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।

मुनक नहर पर बनेगा 11 किलोमीटर लंबा छठ घाट

इस साल दिल्ली में छठ पूजा के लिए मुनक नहर पर 11 किलोमीटर लंबा घाट तैयार किया जा रहा है। बाहरी रिंग रोड से इंद्रलोक तक विकसित किए जा रहे इस घाट पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए दोनों ओर सीढ़ियां और सीमेंट की सड़क बनाई जा रही है।

मुख्यमंत्री के मुताबिक, 12 नवंबर को बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन सिंगलपुर गांव के पास आयोजित कार्यक्रम में इस घाट का उद्घाटन करेंगे। सरकार का प्रयास है कि आसपास की कई विधानसभा क्षेत्रों के श्रद्धालु यहां आसानी से पूजा कर सकें।

पिछले साल से ज्यादा होंगे छठ घाट

दिल्ली में इस बार छठ पूजा के लिए 1400 से अधिक घाट तैयार किए जा रहे हैं। पिछले साल राजधानी में 1326 घाट बनाए गए थे। जिला प्रशासन और संबंधित विभागों को घाटों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों को सभी तैयारियां 13 नवंबर की शाम तक पूरी करने को कहा गया है।

दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने बताया कि पूर्वांचल, युवा और महिला मोर्चा के कार्यकर्ता घाटों पर सेवा वॉलंटियर के रूप में तैनात रहेंगे। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से छठ के दिनों में आंदोलन नहीं करने की अपील भी की, ताकि व्रतियों को किसी तरह की असुविधा न हो।

Related Articles

Back to top button