यूपी में ओवैसी-चंद्रशेखर की नई जोड़ी, 403 सीटों पर लड़ेंगे चुनाव

उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेश की राजनीति में नए गठबंधन का ऐलान हो गया है। आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के अध्यक्ष और सांसद चंद्रशेखर आजाद तथा AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने गुरुवार को लखनऊ में संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर गठबंधन की घोषणा की। दोनों नेताओं ने इसे ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ नाम दिया है। गठबंधन ने साफ किया है कि वह प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर मिलकर चुनाव लड़ेगा।

इस गठबंधन की सबसे अहम बात यह है कि चंद्रशेखर आजाद इसके मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार होंगे। ओवैसी ने खुद इसकी घोषणा करते हुए कहा कि उन्हें यह बताते हुए खुशी हो रही है कि गठबंधन की ओर से चंद्रशेखर आजाद मुख्यमंत्री पद का चेहरा होंगे।

तीसरा मोर्चा नहीं, सामाजिक परिवर्तन के लिए गठबंधन

चंद्रशेखर आजाद और असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि यह गठबंधन केवल तीसरा मोर्चा बनाने के लिए नहीं किया गया है, बल्कि इसका उद्देश्य उत्तर प्रदेश में सामाजिक परिवर्तन लाना है। फिलहाल इसमें आजाद समाज पार्टी और AIMIM दो प्रमुख दल शामिल हैं।

ओवैसी ने कहा कि गठबंधन का मकसद केवल बीजेपी को रोकना नहीं है। प्रदेश में शिक्षा की बदहाली, किसानों की समस्याओं और आम लोगों से जुड़े मुद्दों को भी प्राथमिकता दी जाएगी। दोनों नेताओं ने कहा कि वे इन मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएंगे।

सपा और कांग्रेस को भी साथ आने का न्योता

चंद्रशेखर आजाद ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस को भी गठबंधन में शामिल होने का न्योता दिया। उन्होंने कहा कि उनका दिल बहुत बड़ा है और वे चाहते हैं कि दोनों पार्टियां भी उनके साथ मिलकर चुनाव लड़ें।

चंद्रशेखर ने 2014, 2017 और 2019 के राजनीतिक गठबंधनों का जिक्र करते हुए कहा कि ये गठबंधन बीजेपी को सत्ता से बाहर करने में सफल नहीं हो पाए। उन्होंने विपक्षी दलों से एक साथ आने की अपील की।

26 नवंबर को लखनऊ में होगी संविधान रैली

चंद्रशेखर आजाद ने 26 नवंबर को लखनऊ में संविधान रैली आयोजित करने का भी ऐलान किया। संविधान दिवस के मौके पर होने वाली इस रैली के जरिए गठबंधन अपनी राजनीतिक और सामाजिक प्राथमिकताओं को जनता के सामने रख सकता है।

2022 में दोनों पार्टियों का नहीं खुला था खाता

2022 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में AIMIM और आजाद समाज पार्टी ने अलग-अलग चुनाव लड़ा था। AIMIM ने 95 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे थे, जबकि आजाद समाज पार्टी ने 111 सीटों पर चुनाव लड़ा था। हालांकि, दोनों में से कोई भी पार्टी एक भी विधानसभा सीट जीतने में कामयाब नहीं हुई थी।

अब 2027 के चुनाव में दोनों दल एक साथ मैदान में उतरेंगे। सभी 403 सीटों पर चुनाव लड़ने के ऐलान के साथ गठबंधन ने प्रदेश की सियासत में अपनी मौजूदगी दर्ज कराने की तैयारी शुरू कर दी है। हालांकि, चुनाव में गठबंधन का प्रदर्शन कैसा रहेगा, यह उम्मीदवारों के चयन, संगठन की ताकत और मतदाताओं के समर्थन पर निर्भर करेगा।

Related Articles

Back to top button