
इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के प्रमुख सैम पित्रोदा के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर दिए गए बयान पर पीएम ने भी प्रतिक्रिया दी है। पित्रोदा ने कहा कि मोदी उनके गुजराती दोस्त हैं और दोनों के बीच कोई व्यक्तिगत मतभेद नहीं है। इस बयान के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया पर पित्रोदा और उनकी पत्नी को दिवाली और नए साल की शुभकामनाएं दीं।
सैम पित्रोदा ने एक बातचीत में कहा कि एक इंसान के तौर पर वह प्रधानमंत्री मोदी का सम्मान करते हैं। उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी और वह कई बार मोदी से मिल चुके हैं। पित्रोदा के मुताबिक, व्यक्तिगत तौर पर प्रधानमंत्री बेहद स्नेहपूर्ण, दयालु और ख्याल रखने वाले इंसान हैं।
‘मोदी से कोई व्यक्तिगत मतभेद नहीं’
पित्रोदा ने कहा, “वह मेरे एक गुजराती दोस्त हैं। एक इंसान के तौर पर मैं उनका सम्मान करता हूं। मेरी पत्नी और मैं उनसे मिल चुके हैं। व्यक्तिगत रूप से वह बेहद स्नेहपूर्ण, दयालु और ख्याल रखने वाले रहे हैं। वह अच्छे वक्ता हैं और कड़ी मेहनत करते हैं। हमारे बीच अच्छी बनती है। कोई व्यक्तिगत मतभेद नहीं है।”
उन्होंने यह भी कहा कि गुजरात में वह प्रधानमंत्री के घर कई बार जा चुके हैं। एक गुजराती नेता, दोस्त या शुभचिंतक के तौर पर उन्हें मोदी से कोई परेशानी नहीं है।
विचारधारा पर असहमति, लेकिन रिश्तों में नहीं
सैम पित्रोदा ने व्यक्तिगत रिश्तों और राजनीतिक विचारधारा को अलग-अलग बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की विचारधारा से उनकी असहमति हो सकती है, लेकिन इसका उनके निजी संबंधों पर कोई असर नहीं पड़ता।
पित्रोदा के मुताबिक, वह राजनीतिक रूप से असहमत होने के बावजूद प्रधानमंत्री के साथ बैठकर खाना खा सकते हैं और हंसी-मजाक भी कर सकते हैं।
पीएम मोदी ने दिया दिवाली और नए साल का संदेश
पित्रोदा के बयान पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने लिखा, “सैम भाई, आपको और अंजना बेन को दिवाली और नूतन वर्ष अभिनंदन की शुभकामनाएं। आने वाले वर्ष में सुख, स्वास्थ्य और आनंद के लिए प्रार्थना करता हूं। जय जगन्नाथ!”



