
उत्तर प्रदेश के उन्नाव में बीजेपी सांसद साक्षी महाराज अपनी ही सरकार की पुलिस की कार्यशैली पर नाराज नजर आए। मौरांवा क्षेत्र में एक बुजुर्ग की मौत के बाद उनके परिजनों से मिलने पहुंचे सांसद ने थाना प्रभारी और सीओ को जमकर फटकार लगाई। उन्होंने पुलिस पर मामले में लापरवाही और लीपापोती करने का आरोप लगाया। इस दौरान साक्षी महाराज की पुलिस अधिकारियों को फटकार लगाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
इंस्पेक्टर से बोले- काहे के बहादुर हो तुम?
साक्षी महाराज उन्नाव के मौरांवा क्षेत्र के पहाड़पुर गांव में मृतक राम स्वरूप के परिजनों से मिलने पहुंचे थे। परिजनों से बातचीत के बाद उन्होंने मौरांवा इंस्पेक्टर कुंवर बहादुर सिंह को बुलाया और उनका नाम पूछा। इसके बाद नाराजगी जताते हुए कहा, “काहे के बहादुर हो तुम? अगर तुम बहादुर होते तो तुम्हारे राज में ये होता क्या?”
सांसद ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि सभी लोग दलाली करते रहते हैं। उन्होंने कहा कि उन्होंने अपने जीवन में ऐसी पुलिस नहीं देखी।
आधा दर्जन से ज्यादा लोग घायल, फिर भी क्रॉस केस दर्ज करने का आरोप
साक्षी महाराज ने आरोप लगाया कि विवाद में आधा दर्जन से ज्यादा लोग घायल हुए थे। एक व्यक्ति के सिर पर 25 टांके लगे, लेकिन पुलिस ने मामले में लीपापोती कर दी। उन्होंने क्रॉस केस दर्ज किए जाने पर भी नाराजगी जताई।
इसके बाद सांसद ने सीओ अरविंद चौरसिया को भी फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि पुलिस के खिलाफ लगातार शिकायतें मिल रही हैं और थाना दलाली का अड्डा बन गया है। जनता के बीच अधिकारियों को चेतावनी देते हुए उन्होंने कहा कि वह इस मामले से बेहद आहत हैं और पुलिस को कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि पीड़ितों की सहायता की जिम्मेदारी वह खुद उठा लेंगे।
डेढ़ महीने बाद इलाज के दौरान हुई बुजुर्ग की मौत
दरअसल, मामला मौरांवा के पहाड़पुर गांव का है। यहां लोधी और यादव परिवार के बीच विवाद हुआ था, जिसमें बुजुर्ग राम स्वरूप गंभीर रूप से घायल हो गए थे। करीब डेढ़ महीने तक इलाज चलने के बाद उनकी मौत हो गई। इसके बाद मामला गरमा गया और मृतक के परिजनों से मिलने पहुंचे साक्षी महाराज ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए।
अखिलेश यादव ने बीजेपी पर साधा निशाना
इस मामले को लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी बीजेपी पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि अब तो बीजेपी के सांसद ही कह रहे हैं कि थाने दलाली के अड्डे बन गए हैं।
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि जब सत्ताधारी दल के अपने सांसद ही थानों को दलाली का अड्डा बता रहे हैं, तो विपक्ष भ्रष्ट शासन और प्रशासन के बारे में क्या कहेगा। उन्होंने साक्षी महाराज के बयान का हवाला देते हुए बीजेपी सरकार पर निशाना साधा और लिखा, “भाजपा ही संकट है।”



