
समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान की ईडी गिरफ्तारी के खिलाफ सोमवार को इलाहाबाद हाईकोर्ट में सुनवाई हुई। आजम खान की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल ने अदालत में पक्ष रखा। इस बीच सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आजम खान के खिलाफ हो रही कार्रवाई पर नाराजगी जाहिर करते हुए बीजेपी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जनता समय आने पर इसका जवाब देगी।
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि आजम खान के साथ लगातार नाइंसाफी हो रही है। उन्होंने लिखा, “आजम खान के साथ जो मुसलसल नाइंसाफी हो रही है, उसका जवाब उत्तर प्रदेश ही नहीं, पूरे देश की जनता समय आने पर देगी।”
सपा प्रमुख ने आगे कहा कि बीजेपी सरकार को याद रखना चाहिए कि सत्ता हमेशा किसी के हाथ में नहीं रहती। सत्ता का इस्तेमाल जनहित के लिए होना चाहिए, न कि उसके दुरुपयोग के लिए। उन्होंने लिखा, “सब, सब समझ रहे हैं।”
31 अक्टूबर को ईडी ने किया था गिरफ्तार
आजम खान और उनके बेटे अब्दुल्ला आजम को अक्टूबर में इलाहाबाद हाईकोर्ट से जमानत मिली थी। इसके बाद 31 अक्टूबर को रामपुर जेल से रिहा होने के दौरान ईडी ने आजम खान को गिरफ्तार कर लिया था। यह कार्रवाई मौलाना मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़े कथित धन के दुरुपयोग और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में की गई थी।
सुप्रीम कोर्ट ने हाईकोर्ट भेजा था मामला
ईडी की गिरफ्तारी को चुनौती देते हुए आजम खान ने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया था। 5 नवंबर को सुप्रीम कोर्ट ने उनकी याचिका इलाहाबाद हाईकोर्ट स्थानांतरित कर दी थी और अदालत से अंतरिम राहत के पहलू पर विचार करने को कहा था।
सोमवार को मामले की सुनवाई के दौरान आजम खान की ओर से कपिल सिब्बल ने ईडी की कार्रवाई को राजनीतिक बदले की कार्रवाई बताया। वहीं, ईडी ने इन आरोपों से इनकार किया। दोनों पक्षों की दलीलें अदालत में रखी गईं।



