कुशीनगर। यहां के जिला उद्योग एवं उद्यम प्रोत्साहन केंद्र कार्यालय में आज अचानक पहुंची गोरखपुर की एंटी करप्शन ट्रैप टीम ने इस कार्यालय में कनिष्ठ सहायक के पद पर तैनात शैलेश कुमार कुशवाहा को पांच हजार रुपये घूस लेते समय रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया । इस कार्रवाई के बाद पूरे विभाग में हड़कंप मच गया है। यह गिरफ्तारी एक बार फिर सरकारी दफ्तरों में योजनाओं का लाभ दिलाने के नाम पर रिश्वतखोरी का बोलबाला होने की स्थिति को उजागर कर दिया है ।
मिली जानकारी के अनुसार कप्तानगंज के मंगल बाजार मोहल्ले के निवासी अमन कश्यप ने भ्रष्टाचार निवारण संगठन के गोरखपुर कार्यालय में संपर्क कर अपनी पत्नी के नाम मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के तहत नौ लाख रुपये का ऋण स्वीकृत होने की जानकारी देते हुए शिकायत दर्ज कराई थी कि ऋण पर मिलने वाले सरकारी अनुदान की धनराशि जारी करने के एवज में जिला उद्योग केंद्र में तैनात कनिष्ठ सहायक शैलेश कुमार कुशवाहा द्वारा लगातार पांच हजार रुपये की रकम की मांग रिश्वत के रूप में की जा रही है। रिश्वत न देने की वजह से संबंधित पत्रावली आगे नहीं बढ़ाई जा रही है। शिकायत मिलने के बाद एंटी करप्शन संगठन ने पहले पूरे मामले का गोपनीय ढंग से सत्यापन किया । शिकायत सही पाए जाने पर संगठन की ट्रैप टीम ने पूरी रणनीति तैयार की और आज जिला उद्योग एवं उद्यम प्रोत्साहन केंद्र कार्यालय में जाल बिछाया। दोपहर करीब 12:25 बजे जैसे ही शिकायतकर्ता ने आरोपी बाबू को पांच हजार रुपये दिए, पहले से मौजूद टीम ने तत्काल उसे रंगे हाथ धर दबोचा । आरोपी के कब्जे से रिश्वत की पूरी रकम बरामद कर ली गयी।गिरफ्तार आरोपी की पहचान शैलेश कुमार कुशवाहा पुत्र मुन्नी लाल ( निवासी शेखपुर, पोस्ट कुलगांव, थाना महाराजपुर, जनपद कानपुर नगर ) के रूप में हुई है। वह वर्तमान में जिला उद्योग एवं उद्यम प्रोत्साहन केंद्र में कनिष्ठ सहायक के पद पर तैनात है
भ्रष्टाचार निवारण संगठन की टीम के प्रभारी निरीक्षक शिव मनोहर यादव ने बताया कि शिकायत का विधिवत सत्यापन कर पर्याप्त साक्ष्य जुटाए गए, जिसके बाद ट्रैप टीम ने आरोपी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। उसके विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत रविन्द्र नगर थाने में मुकदमा दर्ज करा गया है । इस प्रकरण ने स्पष्ट कर दिया है कि जिला उद्योग केंद्र के माध्यम से नए उद्यमियों को सरकारी योजनाओं का लाभ बिना रिश्वत दिये मिलना मुश्किल है ।



