
जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा बलों को बड़ी कामयाबी मिली है. कुलगाम में चलाए गए संयुक्त अभियान में लश्कर-ए-तैयबा (LeT) के स्थानीय कमांडर मोहम्मद लतीफ भट को मार गिराया गया. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इस कार्रवाई पर खुशी जताते हुए जम्मू-कश्मीर पुलिस, भारतीय सेना, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) और खुफिया एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल की सराहना की है. उन्होंने सुरक्षाबलों के जवानों की बहादुरी को सलाम किया.
अमित शाह ने क्या कहा?
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर बताया कि जम्मू-कश्मीर पुलिस, सेना, CRPF और खुफिया एजेंसियों के संयुक्त प्रयासों से कुलगाम में यह अभियान सफल रहा.
उन्होंने बताया कि घाटी में सक्रिय लश्कर के आखिरी स्थानीय आतंकवादी लतीफ भट को बुधवार तड़के मार गिराया गया. इससे एक दिन पहले कुलगाम में ही उसके साथी आतंकवादी उमर निसार को भी ढेर किया गया था.
अमित शाह ने ऑपरेशन में शामिल सभी सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतरीन तालमेल की तारीफ करते हुए कहा कि देश उनके बहादुर जवानों को सलाम करता है.
मस्जिद में छिपा था लतीफ भट, सरेंडर करने से किया इनकार
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, कुलगाम में सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ के दौरान लतीफ भट एक मस्जिद के अंदर फंस गया था. सुरक्षा बलों ने उसे आत्मसमर्पण करने के लिए कई बार कहा, लेकिन उसने सरेंडर करने से इनकार कर दिया.
इसके बाद मुठभेड़ में उसे मार गिराया गया. अधिकारियों के मुताबिक, पूरे अभियान के दौरान सुरक्षाबलों ने मस्जिद को नुकसान से बचाने के लिए विशेष सावधानी बरती. इस कार्रवाई में मस्जिद को कोई नुकसान नहीं पहुंचा.
मुठभेड़ स्थल से शव और हथियार बरामद
कश्मीर जोन पुलिस के मुताबिक, अभियान के बाद मुठभेड़ स्थल से मारे गए आतंकवादी का शव और एक हथियार बरामद किया गया. उसकी पहचान कुलगाम के ख्रेवान निवासी मोहम्मद लतीफ भट के रूप में हुई है.
कुलगाम के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) अनायत अली चौधरी ने बताया कि सुरक्षा एजेंसियों को मिली पुख्ता खुफिया जानकारी के आधार पर अभियान शुरू किया गया था. इलाके की घेराबंदी के बाद सुरक्षाबलों ने स्थिति को सावधानी से संभाला.
उन्होंने बताया कि दोपहर करीब 2:45 बजे आतंकवादी की ओर से गोलीबारी शुरू होने के बाद मुठभेड़ शुरू हुई. सुरक्षाबलों ने पूरे अभियान के दौरान निर्धारित मानक संचालन प्रक्रियाओं (SOP) का पालन किया और मस्जिद की सुरक्षा का ध्यान रखा.
CRPF जवानों पर हमले से पहले हुई थी रेकी
इससे पहले सोमवार को सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में मारा गया उमर निसार डार भी लतीफ भट के साथ मिलकर गतिविधियों को अंजाम दे रहा था. पुलिस के मुताबिक, दोनों ने 10 नवंबर को CRPF जवानों पर हमले से पहले कई स्थानों की रेकी की थी.
जम्मू-कश्मीर पुलिस की ओर से साझा किए गए CCTV फुटेज के मुताबिक, उमर निसार ने मीर बार, अखरान, हबलिश और किलामी में जाकर इलाकों का निरीक्षण किया था. पुलिस का आरोप है कि यह गतिविधियां सुरक्षाबलों पर हमले की योजना से जुड़ी थीं.
ऑपरेशन के बाद जवानों ने जताई खुशी
अभियान सफल होने के बाद सुरक्षा बलों के जवानों के वीडियो भी सामने आए हैं. इनमें जवान ऑपरेशन से लौटते समय खुशी जाहिर करते और विक्ट्री साइन दिखाते नजर आ रहे हैं.
इस कार्रवाई के बाद गृह मंत्री अमित शाह ने सुरक्षा एजेंसियों के संयुक्त प्रयासों की सराहना की है. कुलगाम में लगातार दो दिनों में लश्कर से जुड़े दो आतंकवादियों के मारे जाने को सुरक्षा बलों की बड़ी कामयाबी माना जा रहा है.



