
उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले के धारचूला में जौलजीबी मेले के उद्घाटन समारोह के दौरान हुए हंगामे के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। मंच पर तोड़फोड़ के आरोप में कांग्रेस विधायक हरीश धामी समेत छह लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने बुधवार तड़के चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि विधायक हरीश धामी और एक अन्य आरोपी मनोहर टोलिया अभी फरार बताए जा रहे हैं।
बोलने का मौका नहीं मिलने पर मंच पर हुआ था हंगामा
यह घटना 14 नवंबर को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जौलजीबी मेले के उद्घाटन समारोह के दौरान हुई थी। सीएम के कार्यक्रम स्थल से जाने के बाद कांग्रेस विधायक हरीश धामी और उनके समर्थकों ने मंच पर हंगामा किया। आरोप है कि इस दौरान माइक और कुर्सियां फेंकी गईं और मंच पर तोड़फोड़ की गई।
विधायक का आरोप था कि मुख्यमंत्री के सामने उन्हें अपनी बात रखने का मौका नहीं दिया गया। उन्होंने यह भी कहा था कि जब वह बोल रहे थे, तब उनका माइक बंद कर दिया गया। हरीश धामी जौलजीबी मेले के पदेन अध्यक्ष भी हैं।
पुलिस ने चार आरोपियों को किया गिरफ्तार
पिथौरागढ़ के पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रहलाद कोंडे के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सौरव मर्तोलिया, नृप सिंह, विक्रम दानू और रामू रोकाया के रूप में हुई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें बनाई गई थीं। अलग-अलग टीमों ने बुधवार तड़के कार्रवाई करते हुए चारों को पकड़ लिया।
एसपी ने बताया कि विधायक हरीश धामी और मनोहर टोलिया अभी फरार हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी लगातार अपने ठिकाने बदल रहे थे, जिसके चलते उनकी तलाश के लिए अलग-अलग टीमें लगाई गई थीं।
इन धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा
जौलजीबी थाने में पुलिस अधिकारी हरेंद्र सिंह नेगी की शिकायत पर विधायक समेत छह लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया गया है। इनमें धारा 121, 132, 191(2), 324(2) और 352 शामिल हैं। मामला चोट पहुंचाने, लोक सेवक को ड्यूटी से रोकने, दंगा करने, संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और शांति भंग करने के इरादे से अपमान करने से संबंधित आरोपों का है।
बीजेपी और कांग्रेस के बीच बढ़ी बयानबाजी
इस घटना के बाद बीजेपी और कांग्रेस के बीच राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी का जनाधार खत्म हो रहा है और इसी वजह से उसके नेताओं का मानसिक संतुलन बिगड़ गया है।
वहीं, विधायक हरीश धामी ने मुख्यमंत्री को ‘डरपोक’ बताते हुए उन पर लोगों की आवाज दबाने का आरोप लगाया। उन्होंने बीजेपी नेता को अपने खिलाफ चुनाव लड़ने की चुनौती भी दी।
कांग्रेस ने अपने विधायक का समर्थन करते हुए कहा कि वह जनप्रतिनिधियों के सम्मान और जनता के अधिकारों की लड़ाई लड़ रहे हैं। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने भी कहा कि प्रशासन के जरिए विपक्षी जनप्रतिनिधियों का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।



