मणिपुर में सेना का वाहन नदी में गिरा, कैप्टन की मौत

मणिपुर के इंफाल ईस्ट जिले में बुधवार को सेना के काफिले के साथ बड़ा हादसा हो गया। जवानों को लेकर जा रहा सैन्य वाहन अनियंत्रित होकर इताम नदी में गिर गया। इस दुर्घटना में सेना के एक कैप्टन की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य जवान गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।

8वीं बिहार रेजिमेंट के जवानों को लेकर जा रहा था वाहन

जानकारी के मुताबिक, हादसा बुधवार दोपहर करीब 2 बजे इंफाल ईस्ट जिले के लामलाई चाल्लौ इलाके में हुआ। 8वीं बिहार रेजिमेंट के जवानों को लेकर जा रहा सेना का वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और सीधे इताम नदी में जा गिरा। दुर्घटना के बाद सैन्य वाहन कुछ समय तक नदी के पानी में डूबा रहा। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद अस्पताल पहुंचाए गए जवान

हादसे की सूचना मिलते ही बचाव अभियान शुरू किया गया। रेस्क्यू टीम ने वाहन में सवार जवानों को बाहर निकाला और इलाज के लिए BABINA अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने कैप्टन हनुमान राम (29) को मृत घोषित कर दिया।

तीन जवानों की हालत गंभीर

इस हादसे में घायल तीन जवानों की पहचान सिपाही माली जयेश हिम्मत (24), सिपाही राकेश सरपाटे (37) और अग्निवीर अखिलेश कुमार शाह (19) के रूप में हुई है। तीनों की हालत गंभीर बताई जा रही है और डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।

हादसे में युवा कैप्टन की मौत से सेना में शोक का माहौल है। फिलहाल दुर्घटना के कारणों को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

Related Articles

Back to top button