‘नीतीश सेतु’ पर छिड़ी सियासत, ललन सिंह ने तेजस्वी को क्यों घेरा?

बिहार में कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्सलेन पुल का नाम ‘नीतीश सेतु’ रखे जाने को लेकर सियासत तेज हो गई है। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के नेता तेजस्वी यादव के तंज के बाद अब जनता दल यूनाइटेड (JDU) के नेता और केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन उर्फ ललन सिंह ने पलटवार किया है। उन्होंने तेजस्वी पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें पहले अपने पिता लालू प्रसाद यादव से पूछना चाहिए कि उनके कार्यकाल में बिहार में क्या काम हुआ था। इस बीच, जब पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से पुल के नामकरण को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया।

ललन सिंह बोले- तेजस्वी गंभीर राजनेता नहीं

पटना में पत्रकारों से बातचीत के दौरान ललन सिंह ने तेजस्वी यादव को गंभीर राजनेता मानने से इनकार किया। उन्होंने कहा कि तेजस्वी के बयानों पर प्रतिक्रिया देने की जरूरत नहीं है। ललन सिंह ने लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी के शासनकाल पर निशाना साधते हुए दावा किया कि उस दौरान एक छोटी पुलिया तक नहीं बन पाई थी और पहले से मौजूद पुलों की स्थिति भी खराब हो गई थी।

कच्ची दरगाह-राघोपुर-बिदुपुर सिक्सलेन पुल का नाम ‘नीतीश सेतु’ रखे जाने का बचाव करते हुए ललन सिंह ने कहा कि इस परियोजना की परिकल्पना नीतीश कुमार ने की थी। उनके मुताबिक, यह पुल नीतीश कुमार की दूरदृष्टि का प्रतीक है। उन्होंने यह भी कहा कि नीतीश कुमार निर्माण कार्य की नियमित निगरानी करते रहे हैं।

नामकरण पर सवाल हुआ तो हाथ जोड़कर निकल गए नीतीश

बुधवार को बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और JDU के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार वैशाली जिले के राजापाकर प्रखंड के बनघारा गांव पहुंचे थे। यहां वह संतोष कुमार कुशवाहा के पिता के श्राद्ध कार्यक्रम में शामिल हुए और परिजनों से मुलाकात कर संवेदना जताई।

इस दौरान JDU के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा और राजापाकर विधायक महेंद्र राम समेत पार्टी के कई नेता मौजूद रहे। कार्यक्रम के बाद जब मीडिया ने नीतीश कुमार से सिक्सलेन पुल का नाम ‘नीतीश सेतु’ रखे जाने पर सवाल पूछा तो उन्होंने हाथ जोड़ लिया। इसके बाद वह बिना कोई जवाब दिए अपनी गाड़ी में बैठकर वहां से रवाना हो गए।

तेजस्वी ने नामकरण पर कसा था तंज

दरअसल, तेजस्वी यादव ने पुल का नाम ‘नीतीश सेतु’ रखे जाने पर तंज कसते हुए कहा था कि आमतौर पर ऐसे नाम उन लोगों के सम्मान में रखे जाते हैं, जिनका निधन हो चुका होता है। उनके इस बयान के बाद बिहार की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया।

RJD ने NDA के भीतर तनाव का लगाया आरोप

राष्ट्रीय जनता दल ने पुल के नामकरण को लेकर NDA पर भी निशाना साधा है। पार्टी का आरोप है कि बीजेपी ने JDU को खुश करने के लिए पुल का नाम नीतीश सेतु रखा है। RJD ने इसे NDA के भीतर चल रहे कथित तनाव और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के राजनीतिक भविष्य से जोड़कर भी देखा है।

पटना और वैशाली को जोड़ता है सिक्सलेन पुल

कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्सलेन पुल पटना जिले के कच्ची दरगाह को वैशाली जिले के बिदुपुर से जोड़ता है। यह पुल राघोपुर से होकर गुजरता है। इसके राघोपुर से बिदुपुर तक के हिस्से का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 नवंबर को करेंगे, जबकि इसका दूसरा हिस्सा पहले ही चालू हो चुका है।

इस पुल के शुरू होने से उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच आवागमन आसान होने की उम्मीद है। वैशाली, समस्तीपुर, दरभंगा और मधुबनी जैसे जिलों के लोगों को पटना पहुंचने में सुविधा मिलेगी।

Related Articles

Back to top button