
उत्तर प्रदेश में आतंकवाद से निपटने की तैयारियों को और मजबूत करने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बड़ा कदम उठाया है। उन्होंने लखनऊ की रिजर्व पुलिस लाइन्स में नेशनल सिक्योरिटी गार्ड (NSG) और उत्तर प्रदेश पुलिस के संयुक्त क्षमता-निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन किया। इस पहल का मकसद आतंकवाद-रोधी तैयारियों को मजबूत करने के साथ सुरक्षा एजेंसियों की परिचालन क्षमता और आपसी तालमेल को बेहतर बनाना है।
कार्यक्रम के दौरान NSG के IG (ऑपरेशंस) मेजर जनरल मुकेश कुमार भनवाला ने कहा कि भारत सरकार की प्रहार नीति के तहत NSG देश की प्रमुख आतंकवाद-रोधी फोर्स के रूप में काम करती है। आतंकवादी घटनाओं के दौरान ऑपरेशन चलाने के साथ-साथ राज्यों की पुलिस और शुरुआती प्रतिक्रिया देने वाली अन्य एजेंसियों की क्षमता बढ़ाना भी इसकी जिम्मेदारी है।
NSG और यूपी पुलिस ने किया संयुक्त प्रदर्शन
मेजर जनरल भनवाला ने बताया कि इस कार्यक्रम के तहत NSG ने यूपी पुलिस और एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (ATS) के साथ मिलकर संयुक्त प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण और अभ्यास से आतंकवादी हमलों जैसी चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों से निपटने में पुलिस की तैयारी बेहतर होगी। साथ ही अलग-अलग सुरक्षा एजेंसियों के बीच समन्वय भी मजबूत होगा।
अपराधियों और आतंकियों को कोई छूट नहीं: CM योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आंतरिक सुरक्षा के मोर्चे पर केंद्र और राज्य सरकारों की नीति स्पष्ट है। अपराधियों को कोई छूट नहीं, आतंकवादियों को कोई मौका नहीं और देश की सुरक्षा के मामले में कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि NSG और यूपी पुलिस का यह संयुक्त प्रयास देश की आंतरिक सुरक्षा को नई ताकत और दिशा देगा। सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल से किसी भी चुनौती का प्रभावी ढंग से सामना किया जा सकेगा।
भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार रहना जरूरी
सीएम योगी ने कहा कि सेना सीमाओं पर अभियान चलाती है, जबकि पुलिस, ATS और NSG देश के भीतर आतंकी साजिशों को नाकाम करने और देश की सुरक्षा सुनिश्चित करने में अहम भूमिका निभाती हैं।
उन्होंने कहा कि लक्ष्य भविष्य की हर चुनौती से निपटने के लिए तैयार रहना है। इसके लिए ऐसी सुरक्षा व्यवस्था विकसित करनी होगी, जो तकनीकी रूप से उन्नत, रणनीतिक रूप से सटीक और आपसी तालमेल के लिहाज से मजबूत हो।
मुख्यमंत्री के मुताबिक, एक सुरक्षित भारत ही मजबूत भारत की नींव है। NSG और यूपी पुलिस का यह संयुक्त प्रशिक्षण कार्यक्रम इसी दिशा में अहम पहल है।



