
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले गोरखपुर में एक बच्चे की मौत को लेकर सियासत तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव की पीडीए यात्रा के दौरान जेसीबी की चपेट में आने से बीजेपी नेता के 14 वर्षीय बेटे की मौत हो गई थी। अब इस घटना को लेकर गोरखपुर के सांसद और अभिनेता रवि किशन ने अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में रवि किशन ने कहा कि सपा सरकार के कार्यकाल में उत्तर प्रदेश में डकैती और छिनैती की घटनाएं होती थीं। उन्होंने गोरखपुर की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि चुनाव जीतने के नशे में एक बच्चे को कुचलकर लोग आगे बढ़ गए।
रवि किशन ने कहा, “साल 2017 से लेकर आज तक यूपी की डबल इंजन सरकार पर एक भी दाग नहीं लगा। न भ्रष्टाचार, न अन्याय और न ही पाप हुआ। जैसे कल गोरखपुर में एक पाप हुआ था। बीजेपी कार्यकर्ता ओंकार सिंह के बेटे की मौत हो गई। ये लोग चुनाव जीतने के नशे में एक लड़के को कुचलकर चले गए।”
‘गद्दी के लालच में जानवर मत बनो’
रवि किशन ने सपा पर राजनीति का घिनौना रूप दिखाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पहले भी सपा सरकार के दौरान चोरी, छिनैती, डकैती, हत्या और अपराध की घटनाएं होती थीं। गोरखपुर की घटना का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, “चुनाव तो आता-जाता रहता है। तुम एक गद्दी के लालच में जानवर तो मत बनो।”
अखिलेश यादव की यात्रा में कैसे हुई थी बच्चे की मौत?
दरअसल, गोरखपुर में अखिलेश यादव की पीडीए यात्रा के दौरान शामिल एक जेसीबी की चपेट में आने से बीजेपी नेता ओंकार सिंह श्रीनेत के 14 वर्षीय बेटे आर्यवर्धन सिंह की मौत हो गई थी। घटना के बाद बीजेपी ने सोशल मीडिया पर हादसे का वीडियो साझा कर अखिलेश यादव और सपा को घेरा था।
बीजेपी ने आरोप लगाया कि स्वागत के दौरान कार्यकर्ताओं के उत्साह और लापरवाही के चलते बच्चे की जान चली गई। पार्टी ने कहा कि सड़क पर उमड़े समर्थकों को लोगों की सुरक्षा की चिंता नहीं थी। इस घटना के बाद से प्रदेश में राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है।



