
इटावा । आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर मंगलवार को हुए सड़क हादसे ने दो परिवारों को गहरा सदमा दिया। नगला खंगर थाना क्षेत्र में किलोमीटर संख्या 69 पर XUV-700 और स्कॉर्पियो की भिड़ंत में इटावा के जिला वन अधिकारी विकास नायक और उनके चालक देवांश की मौत हो गई। हादसे में तीन लोग घायल हुए हैं, जिन्हें सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी में भर्ती कराया गया है।
बताया गया कि राजस्थान के नागौर निवासी 36 वर्षीय विकास नायक अपनी XUV-700 से लखनऊ से नोएडा की तरफ जा रहे थे। उनके साथ 25 वर्षीय चालक देवांश और 65 वर्षीय केशवती पत्नी जगदीश सिंह भी मौजूद थीं। एक्सप्रेसवे पर नगला खंगर क्षेत्र में किलोमीटर संख्या 69 के पास दोनों वाहनों की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि XUV-700 सवार विकास नायक और देवांश की मौत हो गई। केशवती को गंभीर हालत में सैफई भेजा गया।
दूसरी गाड़ी स्कॉर्पियो में राजारहाट, उत्तर कोलकाता निवासी 61 वर्षीय डेविड ब्रेन डिसूजा और उनकी 59 वर्षीय पत्नी ममता डिसूजा सवार थीं। दोनों गुरुग्राम से लखनऊ जा रहे थे। हादसे में दंपती भी घायल हो गया और उनका उपचार सैफई में चल रहा है।
हादसे की जानकारी मिलते ही एक्सप्रेसवे सुरक्षा कर्मियों के साथ पुलिस टीम मौके पर पहुंची। डीएफओ के हादसे की खबर मिलने पर वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं।
फिलहाल पुलिस हादसे की वजह पता करने में जुटी है। दुर्घटना किस तरह और किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच की जा रही है।


