रिहाई के बाद आजम खान के तीखे तेवर

समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान जमानत पर रिहा होने के बाद बुधवार देर रात रामपुर पहुंचे। यहां समर्थकों ने उनका जोरदार स्वागत किया। गुरुवार को उन्होंने अपने आवास पर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और बीजेपी पर निशाना साधा। आजम खान ने कहा कि उनकी पार्टी प्यार-मोहब्बत और बेहतर माहौल की बात कर रही है, जबकि दूसरी तरफ से नफरत की राजनीति की जा रही है।

आजम खान ने तंज कसते हुए कहा, “हमारे यहां शब्दों की मर्यादा रहती है। बीजेपी नफरत फैला रही है। हमारी पार्टी की तरफ से अच्छे माहौल के लिए, प्यार-मोहब्बत के लिए प्रोग्राम दिया जा रहा है। दूसरी तरफ आग निकल रही है। टीवी स्क्रीन पर आप हाथ लगाएंगे तो जल जाएंगे। हम तो सावन के अंधे हैं, हमें तो सब हरा-हरा नजर आ रहा है।”

संवैधानिक संस्थाओं पर भी उठाए सवाल

आजम खान ने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) और अन्य संवैधानिक संस्थाओं को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि संवैधानिक संस्थाओं को अपनी गरिमा खुद बनाए रखनी चाहिए। आज जनता इन संस्थाओं से परेशान है।

उन्होंने दावा किया कि इस घर के अलावा उनके पास कोई संपत्ति नहीं है। आजम खान ने कहा कि उन्होंने लखनऊ में करीब 50 साल राजनीति की, लेकिन वहां उनका अपना कोई घर नहीं है।

चुनाव आयोग पर निशाना साधते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव निष्पक्ष नहीं हुए। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया को लेकर लोगों के मन में सवाल हैं और इसका सबसे ज्यादा खामियाजा उन्हें भुगतना पड़ा है।

इंडिया गठबंधन से भी जताई नाराजगी

प्रेस कॉन्फ्रेंस में आजम खान ने इंडिया गठबंधन को लेकर भी अपनी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि रामपुर में जब पहली बार चुनाव के दौरान कथित तौर पर धांधली हुई और लोगों को वोट डालने से रोका गया, तब गठबंधन के नेताओं ने इस मुद्दे को गंभीरता से नहीं लिया।

आजम खान ने आरोप लगाया कि उस दौरान पुलिस और पीएसी की तैनाती के बीच लोगों को मतदान से रोका गया और कई इलाकों में डर का माहौल बनाया गया। उन्होंने कहा कि अगर इंडिया गठबंधन ने उस समय इस मामले को गंभीरता से उठाया होता तो कुंदरकी, संभल, हरियाणा और बंगाल के चुनावी नतीजे अलग हो सकते थे।

आजम खान ने कहा कि गठबंधन ने उनकी शिकायत को उतनी गंभीरता से नहीं लिया, जितनी जरूरत थी।

Related Articles

Back to top button