
गोरखपुर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में सपा प्रमुख अखिलेश यादव के रोड शो के दौरान एक किशोर की मौत पर कड़ा प्रहार करते हुए इसे निर्मम हत्या करार दिया है। उन्होंने प्रशासन को सख्त निर्देश दिया कि सड़क पर अराजकता फैलाने वाले गुंडों को ढूंढ निकालें और उन्हें ऐसी कठोर सजा दिलाएं जिसे उनकी कई पीढ़ियां याद रखें।
प्रदेश की सड़कें आम जनमानस के सुगम आवागमन के लिए बनी हैं, न कि सपा और कांग्रेस के गुंडों की अराजकता के लिए। यदि किसी ने दोबारा माफियागिरी दिखाने का दुस्साहस किया, तो उसे मिट्टी में मिलाने में देर नहीं लगेगी।
मुख्यमंत्री गुरुवार को गोरखपुर के कैंपियरगंज विधानसभा क्षेत्र के भारीवैसी में उत्तर प्रदेश के प्रथम वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय के भूमिपूजन तथा 792 करोड़ रुपये से अधिक की 55 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास समारोह को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि झंगहा से गोरखपुर पढ़ने आए किशोर को सपा के रोड शो का शिकार बना दिया गया। माफिया के पोषक मौन रहे और संवेदना का एक शब्द नहीं बोला। उन्होंने इस घटना पर शोक एवं संवेदना जताते हुए पीड़ित परिवार से मिलने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस, सपा, बसपा व एआईएमआईएम को एक ही थाली के चट्टे-बट्टे बताते हुए कहा कि हैदराबाद से आया मौलाना मचल रहा है। चुनाव परिणाम के साथ ही हैदराबाद का भाग्यलक्ष्मीपुरम बनना तय हो जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अतिवृष्टि व ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों को गोरखपुर में 500 करोड़ रुपये का मुआवजा दिया गया है और जल्द ही अलग से विशेष पैकेज मिलेगा। एग्रोफॉरेस्ट्री को बढ़ावा देने के लिए नियमों में संशोधन होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा सरकार में दलित, पिछड़े, निषाद, यादव, सैंथवार, वैश्य व ब्राह्मण समुदाय की जमीनें कब्जाकर कब्रिस्तान की बाउंड्री के लिए पैसा दिया जाता था। अब वही बजट 4,500 से अधिक मंदिरों के पुनरुद्धार पर खर्च हो रहा है।



