यूपी चुनाव: कांग्रेस से सीट बंटवारे के लिए अखिलेश ने बनाई टीम

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले समाजवादी पार्टी (सपा) ने कांग्रेस के साथ गठबंधन और सीटों के बंटवारे को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं. सपा ने कांग्रेस से बातचीत के लिए सांसद रामगोपाल यादव की अध्यक्षता में सात सदस्यीय कमेटी का गठन किया है. यह कमेटी दोनों दलों के बीच गठबंधन और सीट शेयरिंग का फॉर्मूला तय करने के लिए बातचीत करेगी.

इस कमेटी में सपा के पांच नेताओं के अलावा दो डेटा एक्सपर्ट भी शामिल किए गए हैं. दोनों विशेषज्ञ विधानसभा सीटों से जुड़े आंकड़ों और चुनावी समीकरणों का आकलन करेंगे. उनकी रिपोर्ट के आधार पर पार्टी नेतृत्व सीटों के बंटवारे पर फैसला ले सकता है.

23-24 नवंबर को कांग्रेस से होगी बातचीत

सपा और कांग्रेस के बीच गठबंधन को लेकर 23 और 24 नवंबर को बातचीत होनी है. इसके लिए सपा ने अपनी सात सदस्यीय टीम तैयार की है. कमेटी के पांच राजनीतिक सदस्य कांग्रेस के प्रतिनिधियों के साथ सीटों और गठबंधन की शर्तों पर चर्चा करेंगे, जबकि दो डेटा एक्सपर्ट प्रत्येक विधानसभा सीट का चुनावी विश्लेषण पेश करेंगे.

कांग्रेस ने मांगी हैं 181 सीटें

यूपी चुनाव 2027 के लिए कांग्रेस ने समाजवादी पार्टी से 181 सीटों की मांग की है. कांग्रेस की सूची में 135 सामान्य, 45 अनुसूचित जाति (SC) और एक अनुसूचित जनजाति (ST) के लिए आरक्षित सीट शामिल है.

दावा किया जा रहा है कि कांग्रेस की मांग वाली 181 सीटों में से 169 ऐसी हैं, जहां पार्टी 2022 के विधानसभा चुनाव में अपनी जमानत तक नहीं बचा पाई थी. ऐसे में सीटों के बंटवारे को लेकर दोनों दलों के बीच बातचीत काफी अहम मानी जा रही है.

अखिलेश यादव ने क्या कहा था?

कांग्रेस की ओर से सीटों की सूची भेजे जाने के सवाल पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा था कि अभी सीट शेयरिंग को लेकर कोई बातचीत नहीं हुई है. इंडिया गठबंधन मिलकर चुनाव लड़ेगा और सभी दल एक-दूसरे का सम्मान करते हुए सीटों का तालमेल बैठाएंगे.

अखिलेश यादव ने यह भी कहा था कि चुनाव में सबसे बेहतरीन उम्मीदवारों को मैदान में उतारा जाएगा. अब रामगोपाल यादव की अध्यक्षता में गठित कमेटी की बातचीत से साफ होगा कि दोनों दलों के बीच सीटों को लेकर सहमति किस फॉर्मूले पर बनती है.

Related Articles

Back to top button