PM मोदी से मिले CM धामी, उत्तराखंड के लिए मांगीं कई बड़ी सौगातें

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने प्रदेश के विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर चर्चा की और केंद्र सरकार से आर्थिक एवं तकनीकी सहयोग मांगा। मुख्यमंत्री ने दिल्ली-हल्द्वानी एक्सप्रेस-वे, नई रेल लाइनों, हवाई कनेक्टिविटी, पर्यटन और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार समेत कई प्रस्ताव प्रधानमंत्री के सामने रखे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड सामरिक, आध्यात्मिक और पर्यटन की दृष्टि से देश के लिए बेहद महत्वपूर्ण राज्य है। पर्वतीय भौगोलिक परिस्थितियों और सीमित वित्तीय संसाधनों के कारण यहां विकास परियोजनाओं को पूरा करने में विशेष चुनौतियां आती हैं। ऐसे में केंद्र सरकार का सहयोग प्रदेश के विकास को नई गति दे सकता है।

दिल्ली-हल्द्वानी एक्सप्रेस-वे बनाने का प्रस्ताव

मुख्यमंत्री धामी ने कुमाऊं क्षेत्र की कनेक्टिविटी बेहतर बनाने के लिए दिल्ली से हल्द्वानी तक एक्सप्रेस-वे निर्माण की स्वीकृति देने का अनुरोध किया। इसके साथ ही टनकपुर-बागेश्वर रेल लाइन के लिए रोड कम रेल ट्रैक टनल बनाने और अतिरिक्त अलाइनमेंट का फाइनल लोकेशन सर्वे कराने की मांग रखी।

उन्होंने बागेश्वर-कर्णप्रयाग रेल लाइन का सर्वेक्षण कराने, हरिद्वार-देहरादून रेल लाइन का दोहरीकरण करने और ऋषिकेश-उत्तरकाशी रेल लाइन के प्रस्ताव पर विचार करने का भी आग्रह किया। इसके अलावा चिन्यालीसौड़ एयरस्ट्रिप के विस्तार और आधुनिकीकरण के लिए वित्तीय एवं तकनीकी सहायता मांगी। मुख्यमंत्री ने इसके सिविल और सैन्य, दोनों तरह के उपयोग की संभावनाओं पर भी जोर दिया।

कुंभ-2027 के लिए 500 करोड़ रुपये की सहायता

मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने हरिद्वार में होने वाले कुंभ-2027 के सफल आयोजन के लिए 500 करोड़ रुपये की सहायता उपलब्ध कराने पर प्रधानमंत्री का आभार जताया। उन्होंने SASCI के तहत राज्य को करीब 9,500 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता मिलने का भी उल्लेख किया।

इसके अलावा RDSS योजना के तहत स्मार्ट मीटरिंग और बिजली व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 3,436.08 करोड़ रुपये की मंजूरी तथा चंपावत बाईपास के निर्माण के लिए 199 करोड़ रुपये की स्वीकृति देने पर केंद्र सरकार का धन्यवाद किया। चारधाम यात्रा के प्रमुख स्थानों पर ATC टावर की व्यवस्था के लिए मिले सहयोग का भी जिक्र किया।

देहरादून रिंग रोड और मसूरी रोपवे पर भी चर्चा

धामी ने देहरादून रिंग रोड की करीब 1,200 करोड़ रुपये की परियोजना के अलाइनमेंट को मंजूरी देने और देहरादून-मसूरी रोपवे के अध्ययन एवं वन स्वीकृति प्रक्रिया में सहयोग मांगा।

उन्होंने ऊर्जा, जलविद्युत, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाओं, चिकित्सा शिक्षा और शैक्षणिक संस्थानों से जुड़ी परियोजनाओं में भी केंद्र सरकार की मदद का अनुरोध किया। इसके साथ ही देहरादून से हरिद्वार तक RRTS विस्तार के लिए मेरठ-मोदिपुरम से हरिद्वार तक फिजिबिलिटी स्टडी कराने की मांग रखी।

ऋषिकेश में बढ़ते यातायात दबाव को कम करने के लिए बजरंग सेतु से बैरागी कैंप तक अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण के माध्यम से फिजिबिलिटी स्टडी कराने का प्रस्ताव भी सामने रखा।

उत्तराखंड में विकसित होंगे नए वेडिंग डेस्टिनेशन

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को बताया कि राज्य में पर्यटन के साथ वेडिंग डेस्टिनेशन उद्योग को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। इसके लिए रामनगर, देहरादून, ऋषिकेश और त्रियुगीनारायण को विकसित किया जा रहा है।

इसके अलावा चौपता-दुगलबिट्टा, पटवाडांगर और शारदा कॉरिडोर के तहत नए वेडिंग डेस्टिनेशन विकसित करने की योजना है। राज्य सरकार ने इस क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए वेडिंग डेस्टिनेशन पॉलिसी तैयार कर विस्तृत गाइडलाइंस भी जारी की हैं।

धामी ने आध्यात्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए तीन नए आध्यात्मिक आर्थिक क्षेत्रों को विकसित करने की जानकारी दी। इनमें पौड़ी गढ़वाल का बेलकेदार क्षेत्र, टिहरी गढ़वाल का अंजनिसैंण और टिहरी क्षेत्र तथा चंपावत के लोहाघाट और श्यामलाताल शामिल हैं।

शीतकालीन पर्यटन और साहसिक गतिविधियों को बढ़ावा

मुख्यमंत्री ने बताया कि चारधाम के प्रमुख गद्दी स्थलों से शीतकालीन यात्रा शुरू की गई है। पर्यटकों और श्रद्धालुओं को प्रोत्साहित करने के लिए GMVN और KMVN के पर्यटक आवास गृहों में 50 प्रतिशत की छूट दी जा रही है।

राज्य में रिवर राफ्टिंग, पैराग्लाइडिंग, माउंटेन साइक्लिंग और कयाकिंग जैसी साहसिक गतिविधियों को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। आदि कैलाश परिक्रमा रन के तहत हाई एल्टीट्यूड अल्ट्रा मैराथन आयोजित की गई है, जबकि माणा घाटी में मैराथन कराने की योजना है। टिहरी झील में सम-एक्रो फेस्टिवल और औली में नेशनल स्कीइंग चैंपियनशिप का भी आयोजन किया गया है।

‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ का टर्नओवर 6.9 करोड़ रुपये

मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने के प्रयासों की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘लोकल टू ग्लोबल’ अभियान के तहत राज्य के उत्पादों को बढ़ावा दिया जा रहा है।

‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ ब्रांड का टर्नओवर बढ़कर 6.9 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। इसके उत्पाद अमेजन, ONDC, जियोमार्ट, बिग बास्केट और ब्लिंकिट जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध हैं। मुख्यमंत्री के मुताबिक, एक्सपोर्ट प्रिपेयर्डनेस इंडेक्स में छोटे राज्यों की श्रेणी में उत्तराखंड को पहला स्थान मिला है।

PM मोदी को भेंट किए उत्तराखंड के पारंपरिक उत्पाद

प्रधानमंत्री से मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उन्हें उत्तराखंड की लोककला और पारंपरिक विरासत से जुड़े उपहार भेंट किए। इनमें मलारी की हस्तनिर्मित कोट की पट्टी, पारंपरिक ऊनी वस्त्र दोरखा, शुद्ध शहद, बद्री घी, हर्षिल का राजमा और लाल चावल शामिल थे।

इसके अलावा उन्होंने प्रधानमंत्री को हरिद्वार कुंभ-2027 की आध्यात्मिक महत्ता दर्शाती मां गंगा की प्रतिकृति भी भेंट की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और केंद्र सरकार के सहयोग से उत्तराखंड विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। राज्य सरकार का लक्ष्य प्रदेश को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करना है।

Related Articles

Back to top button