निशांत कुमार को पीछे हटाने पर SSG ने मानी गलती, बताया- ‘मानवीय भूल’

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की सुरक्षा के दौरान स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार को एक सुरक्षाकर्मी द्वारा पीछे हटाए जाने के मामले में स्पेशल सिक्योरिटी ग्रुप (SSG) ने सफाई दी है। एसएसजी ने जांच के बाद इस घटना को मानवीय भूल बताया है। मुख्यमंत्री की सुरक्षा की जिम्मेदारी एसएसजी के पास है।

एसएसजी ने गुरुवार को बयान जारी कर कहा कि सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री की सुरक्षा में तैनात सुरक्षाकर्मियों द्वारा स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार को पीछे हटाने की घटना को प्रचारित किया जा रहा है। मामले की जांच की गई, जिसमें पाया गया कि सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत ड्यूटी निभाने के दौरान सुरक्षाकर्मी से मानवीय भूल हुई।

एसएसजी ने अपने बयान में यह भी बताया कि निशांत कुमार को कुछ महीने पहले तक विशेष सुरक्षा दल की ओर से सुरक्षा दी जाती रही है। उन्हें करीब दो दशकों तक एसएसजी की सुरक्षा मिली थी।

कैसे शुरू हुआ था विवाद?

यह मामला उस समय सामने आया, जब मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी वैशाली जिले के दौरे पर थे। वह कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्स-लेन पुल का निरीक्षण कर रहे थे। इस दौरान स्वास्थ्य मंत्री और वैशाली के प्रभारी मंत्री निशांत कुमार भी उनके साथ मौजूद थे।

इसी दौरान निशांत कुमार मुख्यमंत्री के करीब जाने की कोशिश कर रहे थे, तभी एक सुरक्षाकर्मी ने उन्हें रोक दिया और पीछे की ओर कर दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इसके बाद विपक्षी दलों ने इस मुद्दे पर सरकार को घेरना शुरू कर दिया।

विपक्ष ने गठबंधन में तनाव के लगाए आरोप

राष्ट्रीय जनता दल के प्रवक्ता सुबोध कुमार मेहता ने इस घटना को जनता दल यूनाइटेड के राजनीतिक रूप से हाशिए पर जाने का संकेत बताया। वहीं, कांग्रेस ने इसे सत्ताधारी गठबंधन के भीतर बढ़ते तनाव से जोड़कर सवाल उठाए।

जेडीयू के अंदर से भी इस मामले पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं आई थीं। जेडीयू एमएलसी नीरज कुमार ने घटना को दुखद बताते हुए जांच की मांग की थी। दूसरी ओर, मंत्री अशोक चौधरी ने कहा था कि मामले को ज्यादा तूल नहीं दिया जाना चाहिए। उन्होंने संभावना जताई थी कि सुरक्षाकर्मियों का ध्यान निशांत कुमार पर नहीं गया होगा।

नीतीश कुमार के बेटे हैं निशांत कुमार

निशांत कुमार बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे हैं। वह फिलहाल राज्य सरकार में स्वास्थ्य मंत्री हैं और वैशाली जिले के प्रभारी मंत्री भी हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 नवंबर को वैशाली पहुंचने वाले हैं। इस दौरान वह कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्स-लेन पुल का उद्घाटन करेंगे।

Related Articles

Back to top button