गोरखपुर में किशोर की मौत का मामला, साधु यादव हाउस अरेस्ट

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के रोड शो के दौरान किशोर आर्यवर्धन की मौत के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। पुलिस ने पूछताछ के लिए 20 से 25 लोगों को बुलाया है। वहीं, सपा नेता साधु यादव को हाउस अरेस्ट किए जाने की जानकारी सामने आई है।

यह घटना 18 नवंबर को गोरखपुर में निकाली गई समाजवादी पार्टी की पीडीए रथ यात्रा के दौरान हुई थी। यात्रा में कई बुलडोजर शामिल थे। बताया जा रहा है कि रोड शो खत्म होने के बाद जब बुलडोजर वापस लौट रहे थे, उसी दौरान एक बुलडोजर की चपेट में आने से किशोर आर्यवर्धन की मौत हो गई।

सीएम योगी ने परिवार से की मुलाकात

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को मृतक किशोर के परिवार से मिलने पहुंचे थे। उन्होंने घटना को हादसा नहीं, बल्कि हत्या बताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया। सीएम ने कहा था कि मामले में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।

मृतक आर्यवर्धन बीजेपी नेता ओंकार सिंह श्रीनेत का बेटा था। ओंकार सिंह श्रीनेत बीजेपी के चुनाव आयोग संपर्क विभाग में जिला सह-संयोजक की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। उनका परिवार गोरखपुर के झारखंडी स्थित आवास विकास कॉलोनी में रहता है।

अखिलेश यादव ने सरकार पर लगाए आरोप

इस मामले को लेकर अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर यूपी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि घटना से जुड़े सीसीटीवी फुटेज से सच्चाई सामने आ गई है। अखिलेश ने आरोप लगाया कि सरकार पीडीए कार्यकर्ताओं और उनके परिवारों को परेशान कर रही है।

उन्होंने अपने कार्यकर्ताओं से डरने के बजाय मजबूती से खड़े रहने की अपील भी की। अखिलेश ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधते हुए कहा कि उनकी सरकार के पास अब कुछ ही महीने बचे हैं।

रोड शो के दौरान कैसे हुई थी घटना?

जानकारी के मुताबिक, 18 नवंबर को गोरखपुर में समाजवादी पार्टी की पीडीए रथ यात्रा निकाली गई थी। इस यात्रा में चार बुलडोजर शामिल किए गए थे। इनमें से एक बुलडोजर पर फूलों की बड़ी माला और बीच में अखिलेश यादव का पोस्टर लगाया गया था।

बताया जा रहा है कि रोड शो समाप्त होने के बाद बुलडोजर लौट रहे थे। इसी दौरान एक बुलडोजर की चपेट में आने से आर्यवर्धन की जान चली गई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और पूछताछ के जरिए घटना से जुड़े तथ्यों का पता लगाने में जुटी है।

Related Articles

Back to top button