गोधरा ट्रेन अग्निकांड: उम्रकैद काट रहे दोषी को SC से राहत, जानें वजह

2002 के गोधरा ट्रेन अग्निकांड मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे दोषी इरफान सिराज पडो को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिली है. शीर्ष अदालत ने मेडिकल आधार पर उसकी उम्रकैद की सजा निलंबित करते हुए जमानत देने का आदेश दिया है. इरफान पिछले करीब 18 साल से जेल में बंद है. सुनवाई के दौरान गुजरात सरकार ने भी उसकी मेडिकल स्थिति को स्वीकार किया. जस्टिस एमएम सुंदरेश और जस्टिस पीबी वराले की पीठ ने यह आदेश दिया.

2011 में सुनाई गई थी उम्रकैद की सजा

इरफान सिराज पडो गोधरा ट्रेन अग्निकांड मामले में दोषी ठहराए गए 31 लोगों में शामिल है. 27 फरवरी 2002 को गुजरात के गोधरा रेलवे स्टेशन के पास साबरमती एक्सप्रेस के एक डिब्बे में आग लगा दी गई थी. इस घटना में 59 लोगों की मौत हुई थी. इसके बाद गुजरात में बड़े पैमाने पर सांप्रदायिक हिंसा भड़क गई थी.

मामले की जांच और सुनवाई के बाद विशेष SIT अदालत ने मार्च 2011 में फैसला सुनाया था. अदालत ने 31 लोगों को दोषी ठहराया था. इनमें से 11 को मौत की सजा और 20 को उम्रकैद की सजा दी गई थी. वहीं, 63 आरोपियों को बरी कर दिया गया था. इरफान को भी उम्रकैद की सजा सुनाई गई थी.

गुजरात हाईकोर्ट ने 2017 में बदला था फैसला

विशेष अदालत के फैसले को दोषियों ने गुजरात हाईकोर्ट में चुनौती दी थी. साल 2017 में हाईकोर्ट ने 11 दोषियों की फांसी की सजा को उम्रकैद में बदल दिया था. इसके अलावा उम्रकैद की सजा पाने वाले अन्य दोषियों की सजा बरकरार रखी थी. इसके बाद मामले से जुड़े दोषियों ने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया. इनकी अपीलें शीर्ष अदालत में लंबित हैं.

मेडिकल स्थिति के आधार पर मिली जमानत

सुप्रीम कोर्ट ने इरफान सिराज पडो की मेडिकल स्थिति को देखते हुए उसकी उम्रकैद की सजा निलंबित करने और जमानत देने का आदेश दिया है. सुनवाई के दौरान गुजरात सरकार ने भी उसकी स्वास्थ्य संबंधी स्थिति को स्वीकार किया. इसी आधार पर अदालत ने उसे राहत दी है.

गोधरा कांड के एक अन्य दोषी को भी मिली थी राहत

इससे पहले गोधरा ट्रेन अग्निकांड मामले के एक अन्य दोषी अब्दुल रहमान धंतिया उर्फ कंकट्टो जम्बुरो को भी सुप्रीम कोर्ट से राहत मिल चुकी है. मई 2022 में शीर्ष अदालत ने उसकी पत्नी की गंभीर बीमारी और पारिवारिक परिस्थितियों को देखते हुए उसे छह महीने की अंतरिम जमानत दी थी.

अदालत को बताया गया था कि उसकी पत्नी टर्मिनल स्टेज कैंसर से पीड़ित थी और उसकी बेटियां मानसिक रूप से दिव्यांग थीं. बाद में नवंबर 2022 में सुप्रीम कोर्ट ने उसकी अंतरिम जमानत की अवधि बढ़ाकर 31 मार्च 2023 तक कर दी थी.

Related Articles

Back to top button