यूपी में सपा ने कांग्रेस को दिया 26 सीटों का ऑफर

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर खींचतान तेज हो गई है। मंगलवार (24 नवंबर) को दोनों दलों के बीच दूसरे दिन की बातचीत होनी है। इस बीच सूत्रों के हवाले से बड़ी जानकारी सामने आई है। समाजवादी पार्टी ने कांग्रेस को 26 विधानसभा सीटों का प्रस्ताव दिया है। हालांकि, कांग्रेस की मांग इससे कहीं ज्यादा है। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की मेहनत का हवाला देते हुए कांग्रेस ने साफ कर दिया है कि वह तीन अंकों यानी 100 से कम सीटों पर समझौता करने के मूड में नहीं है।

सपा ने किन 26 सीटों का दिया प्रस्ताव?

सूत्रों के मुताबिक, सपा ने कांग्रेस को जिन 26 सीटों का प्रस्ताव दिया है, उनमें वे सीटें शामिल हैं जहां कांग्रेस ने 2022 के विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज की थी या दूसरे स्थान पर रही थी। इनमें दो सीटें रामपुर खास और फरेंदा हैं, जहां कांग्रेस ने पिछला विधानसभा चुनाव जीता था।

इसके अलावा चार सीटें ऐसी हैं, जहां कांग्रेस दूसरे नंबर पर रही थी। इनमें मथुरा, खेरागढ़, जगदीशपुर और किदवई नगर शामिल हैं। इन छह सीटों के अलावा सपा ने कांग्रेस के सामने 20 अन्य सीटों का प्रस्ताव भी रखा है।

इन 20 सीटों पर भी कांग्रेस को ऑफर

सपा की ओर से प्रस्तावित 20 अन्य विधानसभा सीटों में बागपत, मोदीनगर, हापुड़, जेवर, स्याना, खुर्जा, खैर, इगलास, मांट, आगरा उत्तर, फतेहपुर सीकरी, बिलग्राम-मल्लावां, गोविंद नगर, नानपारा, गोरखपुर शहर, खजनी, पडरौना, फाजिलनगर, पिंडरा और वाराणसी कैंट शामिल हैं।

130 सीटों की सूची लेकर आई थी कांग्रेस

सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस ने सीट बंटवारे की बातचीत के दौरान सपा को 130 विधानसभा सीटों की सूची सौंपी थी। सपा ने इनमें से 26 सीटों का प्रस्ताव दिया है। बाकी सीटों पर कांग्रेस से जीत की संभावना और संभावित उम्मीदवारों का ब्योरा मांगा गया है।

सपा जानना चाहती है कि कांग्रेस जिन सीटों पर दावा कर रही है, वहां उसकी जीत की कितनी संभावना है और कौन से उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतर सकते हैं। यानी कांग्रेस को अब अपनी बाकी सीटों पर दावेदारी मजबूत करने के लिए जीत का आधार बताना होगा।

100 से कम सीटों पर नहीं मानेगी कांग्रेस!

सीटों के बंटवारे को लेकर कांग्रेस अपनी मांग पर अड़ी हुई है। पार्टी का मानना है कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने उत्तर प्रदेश में लगातार मेहनत की है। कई आंदोलनों और प्रदर्शनों में पार्टी की सक्रिय भागीदारी रही है। कांग्रेस का दावा है कि इसका असर लोकसभा चुनाव के नतीजों में भी देखने को मिला।

इसी आधार पर कांग्रेस विधानसभा चुनाव में ज्यादा सीटें चाहती है। सूत्रों के मुताबिक, पार्टी 145 सीटों की मांग के साथ बातचीत शुरू करना चाहती है और इस संख्या में कुछ बदलाव के लिए तैयार है। हालांकि, कांग्रेस का रुख साफ है कि 100 से कम सीटों पर सहमति बनना मुश्किल है। पार्टी 50 से कम सीटें मिलने को भी सम्मानजनक समझौता नहीं मान रही है।

टूट सकता है सपा-कांग्रेस का गठबंधन?

फिलहाल दोनों दलों के बीच बातचीत जारी है और सीट बंटवारे को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। एक तरफ सपा सीमित सीटों के साथ कांग्रेस की दावेदारी परखना चाहती है, तो दूसरी तरफ कांग्रेस अपने राजनीतिक प्रदर्शन के आधार पर ज्यादा सीटों की मांग कर रही है।

ऐसे में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सपा और कांग्रेस के बीच सीटों का यह विवाद गठबंधन के भविष्य के लिहाज से बेहद अहम हो गया है। अब देखना होगा कि दूसरे दिन की बातचीत में दोनों दल किसी सहमति तक पहुंच पाते हैं या सीटों की खींचतान गठबंधन के लिए नई मुश्किल खड़ी करती है।

Related Articles

Back to top button