काशी में कार्तिक पूर्णिमा पर उमड़ा आस्था का सैलाब

धर्म और आध्यात्म की नगरी काशी में कार्तिक पूर्णिमा पर आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। मंगलवार की सुबह गंगा के धनुषाकार घाट श्रद्धालुओं से गुलजार हो उठे। भोर की पहली किरण के साथ ही हर-हर महादेव और हर-हर गंगे के जयकारे गूंजने लगे। सुबह की हल्की ठंड भी श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं कर सकी। देश के अलग-अलग हिस्सों से पहुंचे लोगों ने मां गंगा में आस्था की डुबकी लगाई और सूर्यदेव को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।

देर रात से ही घाटों पर जुटने लगे श्रद्धालु

कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा पर गंगा स्नान के लिए श्रद्धालुओं का पहुंचना देर रात से ही शुरू हो गया था। सुबह होते-होते प्रमुख घाटों पर भीड़ बढ़ती चली गई। लोगों ने स्नान के बाद धार्मिक अनुष्ठान किए और अपनी सामर्थ्य के अनुसार जरूरतमंदों को दान दिया।

बाबा विश्वनाथ और काल भैरव के दर्शन के लिए लगी कतारें

कार्तिक पूर्णिमा के साथ ही एक महीने तक चलने वाले कार्तिक स्नान का समापन भी हो गया। गंगा स्नान और दान-पुण्य के बाद श्रद्धालु बाबा विश्वनाथ, बाबा काल भैरव और मां अन्नपूर्णा के मंदिर पहुंचे। मंदिरों में दर्शन-पूजन के लिए भक्तों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। श्रद्धालुओं ने परिवार के कल्याण और सुखमय जीवन की कामना की।

आंवला, अन्न और गर्म कपड़ों के दान का महत्व

ज्योतिषाचार्य पंडित श्रीराम शर्मा के मुताबिक, कार्तिक पूर्णिमा पर स्नान और ध्यान के बाद भगवान के सामने धूप-दीप अर्पित करने की परंपरा है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इस दिन आंवला, अन्न, गर्म वस्त्र और दक्षिणा का दान विशेष फलदायी माना जाता है। इसी मान्यता के चलते श्रद्धालुओं ने जरूरतमंदों को दान-पुण्य किया।

घाटों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने घाटों और प्रमुख मार्गों पर सुरक्षा एवं यातायात के इंतजाम किए। पुलिसकर्मियों और प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती के साथ जल पुलिस की टीमें गंगा में निगरानी करती रहीं। एनडीआरएफ के जवान भी अलग-अलग स्थानों पर मुस्तैद रहे। श्रद्धालुओं को गहरे पानी में जाने से रोकने और भीड़ नियंत्रित करने के लिए विशेष सतर्कता बरती गई।

श्रद्धालुओं ने की प्रशासनिक व्यवस्थाओं की तारीफ

छत्तीसगढ़ से काशी पहुंचीं श्रद्धालु सुधा झा ने कहा कि प्रशासन की व्यवस्थाओं के कारण उन्हें सुरक्षित और सुगम तरीके से गंगा स्नान और बाबा विश्वनाथ के दर्शन का अवसर मिला। उन्होंने बताया कि वह शाम को देव दीपावली का नजारा भी देखेंगी।

वहीं, सम्पूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के छात्र शिवम चौबे ने बताया कि धार्मिक मान्यताओं में काशी में कार्तिक पूर्णिमा पर स्नान और दान का विशेष महत्व है। उनके मुताबिक, सुबह से ही घाटों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और प्रशासन ने सुरक्षा व यातायात व्यवस्था संभालने के लिए जरूरी इंतजाम किए।

Related Articles

Back to top button