UP Politics: योगी के बयान के बाद केशव मौर्य का पलटवार

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले बीजेपी में मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर सियासी चर्चा तेज हो गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के बयानों ने इस बहस को और हवा दे दी है। एक इंटरव्यू में योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यूपी में मुख्यमंत्री का चेहरा कौन होगा, यह सभी जानते हैं। वहीं, केशव प्रसाद मौर्य ने साफ कहा कि मुख्यमंत्री कौन बनेगा, इसका फैसला विधायक दल करेगा। उन्होंने यह भी कहा कि योगी आदित्यनाथ भी दोबारा मुख्यमंत्री बन सकते हैं और कोई दूसरा नेता भी इस पद पर आ सकता है।

योगी बोले- कमल का फूल हमारी पहचान

एक इंटरव्यू के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से 2027 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी के सीएम फेस को लेकर सवाल पूछा गया। इस पर उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का चेहरा कौन होगा और कौन नहीं, यह सबको पता है। उन्होंने कहा कि कमल का फूल ही बीजेपी की पहचान है।

योगी ने आगे कहा कि चुनाव कमल के फूल पर ही लड़ा जाएगा और वह खुद भी कमल के निशान पर चुनाव लड़ेंगे। उनके इस बयान को डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के पहले दिए गए बयान के संदर्भ में देखा जा रहा है।

केशव मौर्य बोले- विधायक दल करेगा फैसला

केशव प्रसाद मौर्य ने सीएम फेस के सवाल पर कहा कि मुख्यमंत्री कौन होगा, इसका निर्णय विधायक दल करेगा। उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ भी मुख्यमंत्री बन सकते हैं और कोई अन्य नेता भी इस पद पर आ सकता है।

दरअसल, इससे पहले मौर्य ने कहा था कि बीजेपी में मुख्यमंत्री का चेहरा कमल का फूल है। अब उनके नए बयान के बाद पार्टी के भीतर नेतृत्व को लेकर चर्चा फिर तेज हो गई है।

मां के निधन के बाद पीएम मोदी को रिसीव करने पर क्या बोले योगी?

इंटरव्यू में योगी आदित्यनाथ से उनकी मां के निधन के बाद हरिद्वार पहुंचकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत करने को लेकर भी सवाल किया गया। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यही संन्यासी धर्म है।

योगी ने कहा कि वह पार्टी के एक सामान्य सिपाही हैं और विचारधारा से जुड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि वह मूल्यों और आदर्शों की राजनीति में विश्वास करते हैं। इस दौरान उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का जिक्र करते हुए कहा कि वे उन्हीं मूल्यों और आदर्शों के प्रति अडिग हैं।

‘मेरे वस्त्रों से चिढ़ है तो होने दीजिए’

अपने पहनावे और धार्मिक पहचान पर बात करते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उन्हें अपने देश और धर्म पर गर्व है। उन्होंने कहा कि अगर किसी को उनके वस्त्रों से परेशानी है तो होने दीजिए। वह किसी के कहने पर अपना पहनावा नहीं बदलेंगे।

योगी ने यह भी कहा कि वह जापान दौरे पर भी इसी पहनावे में गए थे और उन्हें इस बात की चिंता नहीं है कि कोई उनके वस्त्रों को लेकर क्या सोचता है।

Related Articles

Back to top button