नगर की सफाई व्यस्वस्थ की रीढ़ हैं सफाई कर्मचारी : विनय जायसवाल
कुशीनगर । बरसात के चालू मौसम के मद्देनजर पड़रौना नगर की स्वच्छता व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने तथा सफाई कर्मियों की सुरक्षा एवं सुविधा के उद्देश्य से नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष विनय जायसवाल द्वारा सफाई कर्मचारियों को रेनकोट वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। नगर पालिका अध्यक्ष ने कहा कि सफाई कर्मचारी नगर की स्वच्छता व्यवस्था की रीढ़ हैं। प्रतिकूल मौसम में भी वे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हैं। बरसात के दौरान उन्हें कार्य करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है, इसलिए उनकी सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करना नगर पालिका की प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि नगर की सम्मानित जनता को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराने में सफाई कर्मियों का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है। नगर पालिका परिषद उनके कल्याण और आवश्यक सुविधाओं के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी। रेनकोट वितरण से कर्मचारियों को वर्षा के दौरान कार्य करने में सुविधा मिलेगी तथा नगर की सफाई व्यवस्था और अधिक प्रभावी ढंग से संचालित हो सकेगी। इस अवसर पर श्री जायसवाल ने सभी सफाई कर्मियों के परिश्रम, समर्पण और सेवा भावना की सराहना करते हुए उन्हें नगर की स्वच्छता के प्रति इसी प्रकार तत्पर रहने के लिए प्रेरित किया। सफाई कर्मियों ने भी इस पहल के लिए नगर पालिका अध्यक्ष एवं नगर पालिका प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि मनीष बुलबुल जायसवाल , सभासद गण – संतोष मद्धेशिया ,रामाश्रय गौतम , श्याम साहा ,अब्दुल्ला , छोटे कयामुद्दीन आदि के अलावा भोला साहा , बबलू मोदनवाल , घनश्याम गुप्ता , अरुण पांडेय , आकाश दुबे , संजय कुमार तथा नगर पालिका के सभी अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



