नागपुर में आज CJP का प्रदर्शन

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) गुरुवार को नागपुर में ‘सेव डेमोक्रेसी, सेव कॉन्स्टिट्यूशन’ कार्यक्रम आयोजित करेगी। यह प्रदर्शन शाम 4 बजे संविधान चौक पर होगा। पार्टी ने देश में कथित डिजिटल सेंसरशिप और सोशल मीडिया पर राजनीतिक सामग्री को लेकर सवाल उठाए हैं।

CJP के सह-संयोजक आशुतोष रांका ने आरोप लगाया कि देश में खुलेआम डिजिटल सेंसरशिप लागू की जा रही है। उन्होंने कहा कि जनवरी से जून 2026 के बीच मेटा ने 54 लाख पोस्ट डिलीट किए। हर बार इसके पीछे सरकार के निर्देश या नियमों के पालन का हवाला दिया जाता है।

मेटा पर 54 लाख पोस्ट हटाने का आरोप

आशुतोष रांका ने न्यूज एजेंसी एएनआई से बातचीत में कहा कि महज छह महीनों में इतनी बड़ी संख्या में पोस्ट हटाए जाने पर सवाल उठना चाहिए।

उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समर्थन से जुड़े कंटेंट को सोशल मीडिया का एल्गोरिदम बढ़ावा देता है, जबकि बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर से संबंधित सामग्री को नीचे कर दिया जाता है।

रांका ने कहा कि जब उनकी पार्टी किसी मुद्दे को उठाने की कोशिश करती है, तो सोशल मीडिया का एल्गोरिदम उस सामग्री को भी दबा देता है। उन्होंने कहा कि CJP डिजिटल सेंसरशिप को स्वीकार नहीं करेगी और इसके खिलाफ एकजुट होकर आवाज उठाएगी।

चुनाव में गड़बड़ी का भी लगाया आरोप

इससे पहले CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर चुनाव में गड़बड़ी का आरोप लगाया था।

उन्होंने दावा किया कि सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से जुड़ी सामग्री को बढ़ावा दिया जा रहा है, जबकि अन्य राजनीतिक पोस्ट को दबाया जा रहा है।

CJP का नागपुर में होने वाला प्रदर्शन लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के मुद्दे पर केंद्रित रहेगा। पार्टी ने डिजिटल सेंसरशिप के खिलाफ आवाज उठाने का आह्वान किया है।

Related Articles

Back to top button