
मुंबई पुलिस ने सिटिजन्स फॉर जस्टिस एंड पीस (CJP) के अध्यक्ष अभिजीत दीपके समेत तीन लोगों के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर (LOC) जारी किया है। अन्य दो लोगों में सौरभ दास और आशुतोष रांका शामिल हैं। LOC जारी होने के बाद तीनों के देश छोड़कर विदेश जाने पर रोक लग गई है।
पुलिस के अनुसार, गांधी जयंती के अवसर पर इन तीनों ने मुंबई में बिना पूर्व अनुमति के आंदोलन किया था। इस मामले में मुंबई पुलिस ने उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। अब जांच आगे बढ़ने के साथ पुलिस ने उनके खिलाफ LOC जारी किया है।
पूछताछ के लिए जारी किया गया LOC
मुंबई पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के दौरान अभिजीत दीपके, सौरभ दास और आशुतोष रांका से पूछताछ की आवश्यकता पड़ सकती है। ऐसे में जांच में उनकी उपलब्धता सुनिश्चित करना जरूरी है। इसी वजह से उनके खिलाफ लुक आउट सर्कुलर जारी किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, यह LOC करीब चार से पांच दिन पहले जारी किया गया था। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि जांच के दौरान तीनों देश में मौजूद रहें और जरूरत पड़ने पर पूछताछ के लिए उपलब्ध हो सकें।



