
समाजवादी पार्टी ने अपने घोषणा पत्र में सामाजिक न्याय को पीडीए सरकार की प्राथमिकता बताया है। पार्टी ने 2028 तक जाति आधारित जनगणना कराने और 2029 तक सभी वर्गों के लिए न्याय और हिस्सेदारी सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा है। इसके साथ ही गरीबी उन्मूलन और खुशहाली लाने का वादा किया गया है।
घोषणा पत्र में रोजगार, शिक्षा और सरकारी भर्तियों को लेकर भी कई बड़े प्रस्ताव शामिल किए गए हैं। सपा ने सत्ता में आने पर पहली कैबिनेट बैठक में 10 लाख सरकारी रिक्त पदों को भरने का निर्णय लेने की बात कही है। इसके अलावा बेरोजगार युवाओं को नौकरी मिलने तक हर महीने 5 हजार रुपये आर्थिक सहायता देने का प्रस्ताव रखा गया है।
2028 तक जातिगत जनगणना, सभी वर्गों को हिस्सेदारी का वादा
सपा ने सामाजिक न्याय के मुद्दे को अपने घोषणा पत्र में प्रमुखता दी है। पार्टी का कहना है कि 2028 तक जाति आधारित जनगणना कराई जाएगी, ताकि समाज के सभी वर्गों की वास्तविक स्थिति और उनकी हिस्सेदारी का आकलन किया जा सके।
घोषणा पत्र में 2029 तक सभी वर्गों को न्याय और उचित हिस्सेदारी देने का लक्ष्य रखा गया है। अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और पिछड़े वर्गों के सरकारी विभागों में खाली सभी पदों को 2028 तक भरने का भी वादा किया गया है। निजी क्षेत्र में भी समाज के सभी वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित करने की बात कही गई है।
पहली कैबिनेट में 10 लाख सरकारी पद भरने का प्रस्ताव
युवाओं और रोजगार को लेकर सपा ने कई घोषणाएं की हैं। पार्टी के मुताबिक, सरकार बनने पर पहली कैबिनेट बैठक में 10 लाख सरकारी रिक्त पदों को भरने का फैसला लिया जाएगा। सभी विभागों में खाली पदों को समयबद्ध तरीके से भरने के साथ भर्ती परीक्षाओं का वार्षिक कैलेंडर जारी किया जाएगा।
घोषणा पत्र में भर्ती प्रक्रिया पूरी करने की समयसीमा भी तय करने की बात कही गई है। जिन भर्तियों में एक परीक्षा होगी, उन्हें तीन महीने में पूरा करने और एक से अधिक परीक्षाओं वाली भर्ती प्रक्रिया को छह महीने में पूरा करने का प्रस्ताव है। पार्टी ने समय पर परीक्षा परिणाम जारी करने, पारदर्शिता बनाए रखने और पेपर लीक जैसी घटनाओं पर रोक लगाने का भी वादा किया है।
बेरोजगार युवाओं को हर महीने मिलेंगे 5 हजार रुपये
सपा ने बेरोजगार युवाओं को नौकरी मिलने तक हर महीने 5,000 रुपये आर्थिक सहायता देने का प्रस्ताव रखा है। इसके अलावा प्रतिवर्ष पांच लाख युवाओं को कौशल विकास केंद्रों के माध्यम से प्रशिक्षित करने की बात कही गई है।
छात्राओं के लिए तहसील स्तर पर कौशल विकास और करियर परामर्श केंद्र स्थापित करने का भी प्रस्ताव है। युवाओं को डिजिटल कौशल, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और नई तकनीकों का प्रशिक्षण देने के साथ खेल और कौशल विकास को रोजगार से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है।
AI से प्रभावित कर्मचारियों को दोबारा मिलेगा प्रशिक्षण
घोषणा पत्र में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI के कारण प्रभावित होने वाले कर्मचारियों का भी जिक्र किया गया है। पार्टी ने ऐसे कर्मचारियों को दोबारा प्रशिक्षण देकर रोजगार से जोड़ने की बात कही है।
इसके अलावा पुलिस, स्वास्थ्य, नर्सिंग, पैरामेडिकल, तकनीकी और अन्य सरकारी सेवाओं में नियुक्तियों को लेकर भी प्रस्ताव शामिल किए गए हैं।
2032 तक एक करोड़ रोजगार देने का लक्ष्य
सपा ने शिक्षा और निजी क्षेत्र में रोजगार बढ़ाने के लिए भी योजनाएं पेश की हैं। पार्टी ने राज्य शिक्षा नीति लागू करने और 2032 तक उत्तर प्रदेश को पूर्ण साक्षर राज्य बनाने का लक्ष्य रखा है।
एमएसएमई सेक्टर के माध्यम से 2032 तक एक करोड़ से अधिक रोजगार के अवसर पैदा करने का प्रस्ताव है। इसके लिए ग्रामीण औद्योगिक हब, फूड प्रोसेसिंग क्लस्टर, स्टार्टअप और एग्री-टेक इन्क्यूबेशन सेंटर विकसित करने की बात कही गई है। किसान उत्पादक संगठनों को बढ़ावा देने के साथ छोटे, मध्यम और बड़े उद्योगों के जरिए स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाने का भी वादा किया गया है।



