
तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री और डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन ने परिसीमन के मुद्दे पर एक बार फिर पार्टी का रुख स्पष्ट किया है। उन्होंने कहा कि लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ाने के नाम पर तमिलनाडु की मौजूदा 7.18 फीसदी हिस्सेदारी किसी भी कीमत पर कम नहीं होनी चाहिए। स्टालिन ने यह भी साफ किया कि परिसीमन को लेकर डीएमके के रुख में कोई बदलाव नहीं हुआ है और पार्टी अपनी दोनों मांगों पर कायम है।
स्टालिन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि परिसीमन के संभावित परिणामों को लेकर आवाज उठाने वाली डीएमके देश की पहली पार्टी थी। निष्पक्ष परिसीमन की मांग पर राष्ट्रीय नेताओं को एक मंच पर लाने के लिए पहली बैठक भी चेन्नई में आयोजित की गई थी।
परिसीमन को लेकर डीएमके की दो प्रमुख मांगें
एमके स्टालिन ने बताया कि तमिलनाडु विधानसभा में पारित प्रस्ताव और निष्पक्ष परिसीमन के लिए संयुक्त कार्य समिति की बैठक में दो प्रमुख मांगें रखी गई थीं। पहली मांग है कि अगर लोकसभा की सीटों की संख्या बढ़ाई जाती है तो तमिलनाडु की मौजूदा 7.18 फीसदी हिस्सेदारी कम नहीं होनी चाहिए।
वहीं, दूसरी मांग है कि 1971 की जनगणना के आधार पर राज्यों के बीच लोकसभा में प्रतिनिधित्व का जो अनुपात तय किया गया था, उसे अगले 25 साल तक बरकरार रखा जाए। स्टालिन ने कहा कि डीएमके आज भी इन दोनों मांगों पर कायम है और आगे भी रहेगी।
‘हमारे रुख में कोई बदलाव नहीं, समझौते का सवाल नहीं’
स्टालिन ने अपने पोस्ट में कहा कि परिसीमन पर पार्टी के रुख में कोई बदलाव नहीं आया है और किसी तरह के समझौते का सवाल ही नहीं उठता। उन्होंने मीडिया में चल रही अटकलों और पार्टी के रुख को लेकर दिए जा रहे बयानों को भी खारिज किया। उनके मुताबिक, ऐसी बयानबाजी डीएमके की स्थिति को प्रभावित नहीं कर सकती।
संसद के विशेष सत्र में फिर आ सकता है परिसीमन बिल
दरअसल, केंद्र सरकार ने संसद का विशेष सत्र बुलाया है। लोकसभा की बैठक 30 नवंबर से और राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर से शुरू होगी। चर्चा है कि सरकार इस दौरान महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े विधेयकों को फिर से संसद में पेश कर सकती है।
इससे पहले अप्रैल 2026 में सरकार ने संविधान का 131वां संशोधन विधेयक, परिसीमन विधेयक और केंद्र शासित प्रदेशों से संबंधित विधेयक पेश किया था। हालांकि, 17 अप्रैल को संविधान संशोधन विधेयक लोकसभा में जरूरी दो-तिहाई बहुमत हासिल नहीं कर सका था। अब इन विधेयकों को संशोधित रूप में दोबारा लाए जाने की अटकलें हैं। ऐसे में स्टालिन का बयान परिसीमन को लेकर डीएमके की आगे की रणनीति और तमिलनाडु के प्रतिनिधित्व पर उसकी मांग को सामने रखता है।



