
लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी के बीच सियासी टकराव तेज हो गया है। बीएसपी प्रमुख मायावती ने समाजवादी पार्टी के ‘जन-मन का मेनिफेस्टो’ पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सपा के घोषणापत्र को ‘कोरा हवाहवाई’ और ‘थोथा चना बाजे घना’ बताते हुए आरोप लगाया कि पार्टी गरीबों, दलितों, पिछड़ों और मुस्लिमों के वास्तविक हितों के खिलाफ रही है।
मायावती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पांच बिंदुओं में अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने सपा के चुनावी वादों पर सवाल उठाते हुए कहा कि पार्टी के लोग समाज की चिंता करने के बजाय अपने लाभ और स्वार्थ में डूबे रहते हैं।
सपा के ‘जन-मन के मेनिफेस्टो’ को बताया ‘धन-मन वादी’
मायावती ने कहा कि समाजवादी पार्टी का ‘जन-मन का मेनिफेस्टो’ उसके कथित पीडीए की तरह ही हवाहवाई है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा का स्वभाव गरीबों, दलितों, पिछड़ों और मुस्लिमों के हित, कल्याण, मान-सम्मान और सुरक्षा के विरुद्ध रहा है।
बीएसपी प्रमुख ने सपा पर संकीर्ण और जातिवादी राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी धन्नासेठों की समर्थक रही है। उन्होंने हाल ही में उत्तर प्रदेश से राज्यसभा के द्विवार्षिक चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि सपा ने पीडीए को प्राथमिकता देने के बजाय एक बड़े धन्नासेठ को तरजीह दी।
मायावती ने सवाल उठाया कि ऐसी नीतियों और कार्यकलापों से प्रदेश की गरीबी, बेरोजगारी, पिछड़ेपन और पलायन जैसी गंभीर समस्याएं कैसे दूर होंगी।
‘जन-मन नहीं, धन-मन वादी है सपा का घोषणापत्र’
मायावती ने सपा के घोषणापत्र को ‘धन-मन वादी’ बताते हुए आरोप लगाया कि पार्टी चुनाव में समाज के अच्छे लोगों के बजाय धनी और बाहुबली लोगों को मैदान में उतारती है।
उन्होंने कहा कि ऐसे लोग देश, समाज और जनहित की चिंता करने के बजाय अपने लाभ और स्वार्थ में डूबे रहते हैं। मायावती ने सपा के चुनावी वादों को छलावा बताते हुए जनता से सावधान रहने की अपील की।
‘हर हाथ को काम और कानून का राज बीएसपी का सिद्धांत’
बीएसपी प्रमुख ने कहा कि ‘हर हाथ को काम’ और ‘कानून का राज’ बीएसपी की नीति और सिद्धांत हैं। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में बीएसपी की चारों सरकारों में सर्वसमाज और सर्वजन हितैषी एजेंडे पर ईमानदारी से अमल किया गया।
मायावती ने सपा, कांग्रेस और बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि इन पार्टियों के लिए ऐसे एजेंडे पर अमल करना संभव नहीं है।
उन्होंने सपा पर एससी, एसटी और ओबीसी आरक्षण विरोधी रवैया अपनाने का आरोप भी लगाया। साथ ही कहा कि यूपी को जातिवादी द्वेष और दंगों से जोड़ने सहित जनहित और जनकल्याण के मुद्दों पर लगे आरोपों को जनता कैसे भूल सकती है।
सपा ने 25 लाख नौकरियों और बेरोजगारों को 5 हजार रुपये देने का किया वादा
दरअसल, समाजवादी पार्टी ने गुरुवार को अपना घोषणापत्र ‘जन-मन का मेनिफेस्टो’ जारी किया था। इसमें महिलाओं, युवाओं, किसानों और कर्मचारियों को साधने की कोशिश की गई है।
सपा ने अपने घोषणापत्र में 25 लाख युवाओं को नौकरी देने और बेरोजगारों को 5 हजार रुपये प्रतिमाह देने का वादा किया है। इसके अलावा पार्टी ने महिलाओं और बुजुर्गों के लिए भी कई घोषणाएं की हैं।
सपा के इन वादों पर अब बीएसपी प्रमुख मायावती ने सवाल उठाए हैं। उनके बयान के बाद यूपी विधानसभा चुनाव से पहले सपा और बीएसपी के बीच घोषणापत्र को लेकर सियासी बहस और तेज होने के आसार हैं।



