यूपी में गो आधारित खेती को जन आंदोलन बनाएगी योगी सरकार

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में गो आधारित प्राकृतिक खेती को जन-जन तक पहुंचाने के लिए योगी सरकार इसे व्यापक जन आंदोलन का स्वरूप देने की तैयारी कर रही है। इसके लिए उत्तर प्रदेश गो सेवा आयोग 200 प्रगतिशील किसानों को ब्रांड एंबेसडर के रूप में तैयार करेगा। ये किसान अपने खेतों पर गो आधारित प्राकृतिक खेती के मॉडल का प्रदर्शन करेंगे और दूसरे किसानों को व्यावहारिक प्रशिक्षण भी देंगे।

इस पहल के तहत ऐसे किसानों को प्राथमिकता दी जाएगी, जो स्वयं गोपालन करते हों, उनके खेतों पर बायोगैस संयंत्र स्थापित हों और वे पहले से प्राकृतिक खेती अपना चुके हों। सरकार का उद्देश्य किसानों को प्राकृतिक खेती के प्रति जागरूक करने के साथ इसे आर्थिक रूप से लाभकारी बनाना है।

गो आधारित खेती के लिए छह विभागों के बीच समन्वय

गो आधारित प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित करने के लिए पशुपालन, कृषि, उद्यान, वन, आयुष तथा नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा विभाग के साथ समन्वय स्थापित किया जा रहा है। इस संबंध में संबंधित विभागों को आवश्यक सुझाव और संस्तुतियां भी भेजी गई हैं।

उत्तर प्रदेश गो सेवा आयोग के कार्यालय में गुरुवार को आयोग के अध्यक्ष श्याम बिहारी गुप्ता और पद्मश्री सम्मानित प्राकृतिक कृषि विशेषज्ञ डॉ. भारत भूषण त्यागी की मौजूदगी में बैठक हुई। इसमें प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई।

बैठक में मिट्टी की सेहत और उर्वरता, गोवंश की उपयोगिता, बायोगैस, जैविक कृषि उत्पादों के निर्माण और किसानों की आर्थिक आत्मनिर्भरता जैसे विषय प्रमुखता से उठे।

रसायनमुक्त खेती को जन आंदोलन बनाने पर जोर

प्राकृतिक कृषि विशेषज्ञ डॉ. भारत भूषण त्यागी ने कहा कि जिस तरह डबल इंजन सरकार के नेतृत्व में स्वच्छता अभियान ने देशव्यापी जनचेतना पैदा की, उसी तरह प्राकृतिक और रसायनमुक्त खेती को भी जन आंदोलन बनाने की जरूरत है।

उन्होंने कहा कि असंतुलित रासायनिक उर्वरकों और कीटनाशकों के इस्तेमाल से मिट्टी की उर्वरता के साथ जल और पर्यावरण की गुणवत्ता भी प्रभावित हो रही है। ऐसे में किसानों और पशुपालकों की सोच में सकारात्मक बदलाव लाने के साथ उन्हें व्यावहारिक प्रशिक्षण देना जरूरी है।

डॉ. त्यागी ने किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) को प्राकृतिक खेती से जुड़े उत्पादन, प्रसंस्करण, प्रमाणीकरण और विपणन की प्रक्रिया में महत्वपूर्ण भूमिका देने पर जोर दिया। इससे किसानों को अपने उत्पादों का बेहतर मूल्य मिलने और प्राकृतिक खेती को आर्थिक रूप से लाभकारी बनाने में मदद मिल सकती है।

फसल अवशेष जलाने के बजाय खेतों में ही करें इस्तेमाल

डॉ. भारत भूषण त्यागी ने फसल अवशेषों को जलाने के बजाय खेतों में ही उनका समुचित उपयोग करने की बात कही। उन्होंने बताया कि इससे मिट्टी में जैविक पदार्थ और कार्बन की मात्रा बढ़ाने के साथ उसकी प्राकृतिक उर्वरता बनाए रखने में मदद मिल सकती है।

उन्होंने सहफसली पद्धति के तहत विभिन्न प्रकार की वनस्पतियां उगाने और गो आधारित कृषि पद्धतियों को अपनाने पर भी जोर दिया। इससे खेती को अधिक टिकाऊ और लाभकारी बनाया जा सकता है।

प्राकृतिक खेती से उत्पादन घटने की भ्रांति दूर करेगी सरकार

उत्तर प्रदेश गो सेवा आयोग के अध्यक्ष श्याम बिहारी गुप्ता ने कहा कि प्राकृतिक खेती को लेकर यह भ्रांति दूर करना जरूरी है कि इससे कृषि उत्पादन में कमी आती है।

उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती का उद्देश्य मिट्टी की उर्वरता, पर्यावरण संतुलन और मानव स्वास्थ्य को सुरक्षित रखते हुए खेती की दीर्घकालिक उत्पादकता बनाए रखना है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में गो आधारित प्राकृतिक खेती किसानों की आत्मनिर्भरता और गांवों की समृद्धि का मजबूत आधार बन सकती है। आयोग इस दिशा में विभिन्न विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर एकीकृत कार्ययोजना को आगे बढ़ा रहा है।

किसानों के लिए बायोगैस और कैटल शेड से तैयार होंगे नए अवसर

गो आधारित प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में बायोगैस संयंत्र और व्यक्तिगत कैटल शेड जैसी परिसंपत्तियों के विकास की संभावनाएं भी तलाशी जा रही हैं।

वीबी-जी राम जी योजना के प्रावधानों और पात्रता के अनुरूप इन ग्रामीण परिसंपत्तियों के विकास पर विचार किया जा रहा है। इससे पशुपालन, ऊर्जा उत्पादन और प्राकृतिक खेती को एक-दूसरे से जोड़कर किसानों के लिए अतिरिक्त आर्थिक अवसर तैयार किए जा सकेंगे। बैठक में राजीव त्यागी, विपिन गोयल और शुभांशु त्यागी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button