
हरियाणवी सिंगर और डांसर सपना चौधरी एक बार फिर चर्चा में हैं। पति वीर साहू से अलग होने की खबरों के बीच उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में सपना अपनी कलाई पर बने वीर साहू के नाम के टैटू को लेजर ट्रीटमेंट के जरिए हटवाती नजर आ रही हैं। तलाक की अर्जी दाखिल करने की पुष्टि के कुछ दिनों बाद सामने आए इस वीडियो ने फैंस के बीच नई चर्चा छेड़ दी है।
सपना चौधरी और वीर साहू ने साल 2020 में बेहद निजी तरीके से शादी की थी। दोनों के दो बच्चे हैं। शादी के करीब छह साल बाद सपना ने हाल ही में तलाक की अर्जी दाखिल करने की बात स्वीकार की थी।
टैटू हटवाने के पीछे सपना ने बताई थी ये वजह
टैटू हटवाने का वीडियो सामने आने से पहले सपना ने एक इंटरव्यू में इस बारे में बात की थी। उन्होंने बताया था कि शूटिंग के दौरान कलाई पर बने टैटू को छिपाने में काफी समय लग जाता है।
सपना के मुताबिक, वह भविष्य में फिल्मों और म्यूजिक प्रोजेक्ट्स में भी काम करना चाहती हैं। ऐसे में टैटू हटवाना उनके लिए ज्यादा सुविधाजनक विकल्प है। उन्होंने टैटू को लेकर अपनी परेशानी भी साझा की थी।
तलाक पर सपना ने क्या कहा था?
एनएमएफ न्यूज को दिए इंटरव्यू में सपना ने अलग होने के फैसले पर कहा था कि जब सब अच्छा था, तब दोनों साथ थे, लेकिन अब हालात अच्छे नहीं हैं तो वे साथ नहीं हैं। उन्होंने यह भी कहा था कि उनके रिश्ते के बारे में असल बात सिर्फ वह और उनके पति ही समझ सकते हैं। किसी तीसरे व्यक्ति को अपनी सोच थोपना सही नहीं है।
सपना ने साफ किया था कि शादी दो लोगों का रिश्ता है और आगे क्या करना है, यह फैसला भी उन्हें ही लेना है।
क्या दूसरी शादी करेंगी सपना चौधरी?
इंटरव्यू के दौरान जब सपना से पूछा गया कि क्या वीर साहू से अलग होने के बाद वह दोबारा शादी करने के बारे में सोचेंगी, तो उन्होंने फिलहाल इससे इनकार किया। सपना ने कहा कि अभी उनके मन में दूसरी शादी का कोई विचार नहीं है।
फिलहाल टैटू हटवाने का वीडियो वायरल होने के बाद सपना चौधरी एक बार फिर सुर्खियों में हैं। हालांकि, उनके इस कदम को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चाएं हो रही हैं, लेकिन टैटू हटवाने की वजह के तौर पर उन्होंने पहले अपने काम से जुड़ी परेशानी बताई थी।



