क्या खाना खाने से पहले एक चम्मच ऑलिव ऑयल पीने से कंट्रोल होगी शुगर? 

सोशल मीडिया पर इन दिनों एक हेल्थ ट्रेंड वायरल हो रहा है। दावा किया जा रहा है कि खाना खाने से 15 मिनट पहले एक चम्मच ऑलिव ऑयल यानी जैतून का तेल पीने से खाने के बाद ब्लड शुगर तेजी से नहीं बढ़ती। कुछ लोग इसे वजन घटाने और डायबिटीज कंट्रोल करने का आसान तरीका भी बता रहे हैं। हालांकि, रिसर्च के आधार पर इसे डायबिटीज का इलाज मानना सही नहीं होगा।

चूहों पर हुई रिसर्च में क्या सामने आया?

मेडिकल जर्नल डायबिटीज में अक्टूबर 2026 में प्रकाशित एक स्टडी में वैज्ञानिकों ने चूहों पर ऑलिव ऑयल का असर देखा। प्रयोग के दौरान चूहों को ग्लूकोज देने से 15 मिनट पहले ऑलिव ऑयल दिया गया। शुरुआती 15 से 30 मिनट में उनका ब्लड शुगर लेवल तुलनात्मक रूप से कम रहा।

शोधकर्ताओं के मुताबिक, इसकी एक वजह गैस्ट्रिक एम्प्टींग यानी पेट से भोजन के आगे बढ़ने की प्रक्रिया का धीमा होना हो सकती है। फैट की मौजूदगी में खाना पेट से छोटी आंत तक धीरे पहुंचता है, जिससे ग्लूकोज का अवशोषण कुछ देर से हो सकता है।

हालांकि, यह प्रयोग चूहों पर किया गया था। इसके आधार पर यह निष्कर्ष नहीं निकाला जा सकता कि इंसानों में रोजाना एक चम्मच ऑलिव ऑयल पीने से डायबिटीज नियंत्रित हो जाएगी।

क्या रोज एक चम्मच ऑलिव ऑयल पीना शुगर कंट्रोल का तरीका है?

सीनियर फिजिशियन डॉ. आशीष जायसवाल के अनुसार, ऑलिव ऑयल में मोनोअनसैचुरेटेड फैटी एसिड (MUFA) होते हैं। फैट लेने से गैस्ट्रिक एम्प्टींग धीमी हो सकती है और ब्लड शुगर का पीक देर से आ सकता है। ग्लूकोज को नियंत्रित करने वाली कुछ हार्मोनल प्रक्रियाएं भी इसमें भूमिका निभा सकती हैं।

लेकिन इंसानों में इसके असर को लेकर पर्याप्त प्रमाण नहीं हैं। फरवरी 2026 में न्यूट्रिशन रिव्यूज में प्रकाशित 51 रैंडमाइज्ड कंट्रोल्ड ट्रायल्स के मेटा-एनालिसिस में 4,334 लोगों का डेटा शामिल था। इसमें ऑलिव ऑयल के सेवन से ब्लड ग्लूकोज, इंसुलिन या HbA1c में कोई महत्वपूर्ण समग्र सुधार नहीं मिला।

इसलिए ऑलिव ऑयल को शुगर कंट्रोल करने का “मैजिकल” उपाय बताने के लिए फिलहाल पर्याप्त वैज्ञानिक आधार नहीं है।

भारतीय थाली में ऊपर से तेल पीना कितना सही?

ऑलिव ऑयल हेल्दी फैट का स्रोत है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि इसे जरूरत से ज्यादा लिया जाए। एक बड़े चम्मच ऑलिव ऑयल में करीब 120 कैलोरी और 13.5 ग्राम फैट होता है। अगर कोई व्यक्ति दिन में तीन बार खाने से पहले इसे पीता है, तो उसे रोजाना करीब 360 अतिरिक्त कैलोरी मिल सकती हैं।

डॉ. जायसवाल के मुताबिक, भारतीय खाने में पहले से ही दाल के तड़के, सब्जी और पराठे के जरिए तेल या घी शामिल होता है। ऐसे में ऊपर से ऑलिव ऑयल पीने से कैलोरी की मात्रा बढ़ सकती है। अगर इसे इस्तेमाल करना है, तो मौजूदा तेल या घी की जगह सीमित मात्रा में शामिल करना बेहतर है।

जामा इंटरनल मेडिसिन में प्रकाशित एक स्टडी में 2.21 लाख से अधिक लोगों के खानपान और स्वास्थ्य से जुड़े डेटा का विश्लेषण किया गया। इसमें मक्खन की जगह ऑलिव ऑयल समेत प्लांट-बेस्ड ऑयल इस्तेमाल करने का संबंध समय से पहले मृत्यु के कम जोखिम से पाया गया। हालांकि, यह अध्ययन तेल को अलग से पीने के बारे में नहीं, बल्कि मक्खन की जगह दूसरे तेल इस्तेमाल करने पर था।

तेल पीने के बजाय थाली में करें ये बदलाव

डॉ. जायसवाल की सलाह है कि ऑलिव ऑयल को सलाद, सब्जी, दाल के तड़के या पराठे में दूसरे तेल या घी की जगह सीमित मात्रा में इस्तेमाल किया जा सकता है। ब्लड शुगर मैनेजमेंट के लिए खाने में फाइबर और प्रोटीन का संतुलन भी जरूरी है।

  • खीरा, टमाटर, मूली, गाजर और हरी सब्जियों का सलाद शामिल करें।

  • दाल, चना, दही, पनीर या अंडे जैसे प्रोटीन स्रोत लें।

  • खाने के बाद थोड़ी देर टहलने की आदत डालें।

फाइबर और प्रोटीन पाचन तथा ग्लूकोज के अवशोषण की गति को प्रभावित कर सकते हैं। खाने के बाद चलना भी ब्लड शुगर मैनेजमेंट में मददगार हो सकता है।

Related Articles

Back to top button