E20 पर सियासी घमासान: अरविंद केजरीवाल ने कार्यकर्ताओं की पेट्रोल पंपों पर लगाई ड्यूटी

नई दिल्ली| आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने आप कार्यकर्ताओं की पेट्रोल पंपों पर ड्यूटी लगा दी है. ड्यूटी के दौरान कार्यकर्ताओं को लोगों का वीडियो बनाने और सोशल मीडिया पर शेयर करने के लिए कहा है.राजधानी में एथेनॉल इ20 पर मचे सियासी घमासान के बीच प्रेस कॉन्फ्रेंस करके केजरीवाल ने कार्यकर्ताओं को यह निर्देश दिए। आप संयोजक ने इ20 को लेकर पीएम नरेंद्र मोदी को चिट्ठी लिखी है. उन्होंने चिट्ठी में लिखा है कि जनतंत्र में रहते हैं, जनता की आवाज सुनो. जनता कह रही है कि माइलेज गिर रही है. पार्ट्स खराब हो रहे हैं. वहीं उन्होंने दो मांगे भी रखी हैं. जिसमें कहा कि हर पेट्रोल पंपों पर शुद्ध पेट्रोल या इ20 जो लेना चाहें उसके लिए ऑप्शन हो. इसके अलावा इ20 के दाम कम होने चाहिए क्योंकि माइलेज कम है. इस बीच अरविंद केजरीवाल ने पीएम मोदी से मिलने का समय भी मांगा है. उन्होंने कहा, “जनता से संपर्क में हूं. जनता क्या महसूस कर रही है. ये समझाने के लिए समय मांगा है.” केजरीवाल ने इस दौरान देश भर में पिटिशन शुरू की है. नागरिकों की तरफ से पीएम के नाम चिट्ठी लिखी है. उन्होंने आगे कहा कि  वे स्वयं 12 जुलाई को सर्विस स्टेशन और पेट्रोल पंप पर गये थे। केजरीवाल ने कहा जो लोग इस मुद्दे से दुखी हैं, वे सोशल मीडिया पर वीडियोज डालें. मुद्दे को लेकर वीडियो से सोशल मीडिया को भर दें. लोगों और कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए केजरीवाल ने कहा, “हमें अपने अनुभव साझा करें, दूसरों के वीडियो बनाएं। देशभर में इ20 पेट्रोल को लेकर बढ़ती नाराजगी के बीच आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने 14 जुलाई से ‘स्टॉप इ20 पेट्रोल’ ऑनलाइन सिग्नेचर अभियान शुरू किया है। इस अभियान के जरिए लोग प्रधानमंत्री के नाम याचिका पर हस्ताक्षर कर अपनी आवाज दर्ज करा सकते हैं.

केजरीवाल ने कहा कि सरकार बिना पूरी तैयारी के इ20 पेट्रोल देश पर थोप रही है, जबकि लाखों वाहन मालिक माइलेज घटने, इंजन में खराबी और बढ़ते खर्च की शिकायत कर रहे हैं. इसके बावजूद सरकार लोगों की चिंताओं को सुनने के बजाय सब कुछ सामान्य बताने में लगी है। केजरीवाल ने कहा कि लोकतंत्र में जनता की बात सुनना सरकार की जिम्मेदारी होती है, लेकिन मोदी सरकार लोगों को कोई विकल्प देने को तैयार नहीं है। उन्होंने कहा कि इ20 पेट्रोल की ऊर्जा क्षमता कम होने से माइलेज भी कम होता है, फिर भी इसकी कीमत सामान्य पेट्रोल के बराबर या उससे कम नहीं की जा रही. इससे आम और मध्यम वर्ग पर दोहरी मार पड़ रही है. एक तरफ गाड़ियों का खर्च बढ़ रहा है, दूसरी तरफ ईंधन पर भी ज्यादा पैसा देना पड़ रहा है.

पिछले कुछ दिनों में पेट्रोल पंपों और सर्विस स्टेशनों पर जाकर लोगों से बातचीत के दौरान भी बड़ी संख्या में वाहन मालिकों ने माइलेज घटने, फ्यूल पंप, इंजेक्टर और इंजन संबंधी समस्याओं की शिकायत की. कई लोगों ने बताया कि पहले के मुकाबले अब गाड़ियों की सर्विस और मरम्मत का खर्च काफी बढ़ गया है.

केजरीवाल ने आरोप लगाया कि सरकार जनता की परेशानियों को नजरअंदाज कर रही है और उनकी आवाज दबाने की कोशिश कर रही है।

Related Articles

Back to top button