
नई दिल्ली। पीतमपुरा के वीपी ब्लॉक में अतिक्रमण को लेकर एमसीडी केशवपुरम जोन पर दिल्ली सरकार के आदेशों की अनदेखी के आरोप लगाते हुए स्थानीय लोगों का कहना है कि कुछ दबंगों ने गोलियां बंद कर सीवर लाइन तक घरों के अंदर ले ली गई है, जिससे पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। उनका कहना है कि आखिर कब होगी अतिक्रमणकारियों पर कार्रवाई ? यदि आग या अन्य आपातकालीन स्थिति यहां पैदा हुई तो फायर ब्रिगेड और एम्बुलेंस तक नहीं पहुंच पाएगी। शिकायतकर्ता का कहना है कि मुख्यमंत्री कार्यालय से 10 से अधिक बार संबंधित विभागों को कार्रवाई के निर्देश दिए जा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई । एमसीडी के मेंटेंनेंस विभाग से भेजी गई फाइल बिल्डिंग विभाग पहुंचीं, जहां पहले जेई ललित कुमार और बाद में जेई राहुल
जायसवाल ने इसे अपने अधिकार क्षेत्र से बाहर बताते हुए मेंटेंनेंस विभाग का मामला बताया। वहीं, एक्जीक्यूटिव इंजीनियर सुनील जैन का कहना है कि मामला बिल्डिंग विभाग के अधिकार क्षेत्र का है, इसलिए फाइल वहीं भेजी गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि विभागों के बीच जिम्मेदारी टालने से अतिक्रमण लगातार बढ़ रहा है और प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है।



